- Home
- /
- राज्य
- /
- पश्चिम बंगाल
- /
- Kolkata: पुलिस की बड़ी...
Kolkata: पुलिस की बड़ी कार्रवाई, कैनिंग से आग्नेयास्त्र व विस्फोटक के साथ आरोपी पकड़ा गया

कोलकाता: दक्षिण 24 परगना जिले के कैनिंग थाना क्षेत्र में पुलिस ने रविवार देर रात तलाशी अभियान चलाकर तृणमूल कांग्रेस के एक बूथ अध्यक्ष को आग्नेयास्त्र, कारतूस और बम सहित गिरफ्तार किया है। आरोपित की पहचान दिघीरपाड़ ग्राम पंचायत के उत्तर अंगद बेरिया गांव निवासी अलाउद्दीन तरफदार के रूप में हुई है। वह तृणमूल कांग्रेस का बूथ अध्यक्ष बताया गया है।
पुलिस के अनुसार, गुप्त सूचना के आधार पर कैनिंग थाना पुलिस ने रविवार देर रात अलाउद्दीन तरफदार के घर पर छापेमारी की। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से एक लंबी बंदूक, एक छोटी बंदूक, चार जिंदा कारतूस तथा एक जिंदा बम बरामद किया गया। बरामदगी के बाद पुलिस ने आरोपित को तत्काल गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस ने बताया कि आरोपित को सोमवार को अलीपुर न्यायालय में प्रस्तुत किया जाएगा। मामले की गहन जांच तथा बरामद हथियारों और विस्फोटक के स्रोत का पता लगाने के लिए पुलिस आरोपित की हिरासत की मांग करेगी।
फिलहाल कैनिंग थाना पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है और यह पता लगाया जा रहा है कि बरामद हथियार एवं विस्फोटक कहां से लाए गए तथा उनका उपयोग किस उद्देश्य से किया जाना था।





