पश्चिम बंगाल

Kolkata: आग की लपटों से दहला कोलकाता, कई स्थानों पर मचा कोहराम

Admindelhi1
4 Nov 2025 12:06 PM IST
Kolkata: आग की लपटों से दहला कोलकाता, कई स्थानों पर मचा कोहराम
x

कोलकाता: शहर के विभिन्न हिस्सों में रविवार रात से सोमवार शाम तक कई आगलगी की कई घटनाएं दर्ज की गईं। पुलिस और अग्निशमन विभाग की तत्परता से सभी जगह आग पर काबू पा लिया गया। इन घटनाओं में किसी के हताहत होने की खबर नहीं है।

पुलिस के अनुसार, सोमवार दोपहर करीब एक बजे बड़ाबाजार इलाके के एम.जी. रोड स्थित एक पांच मंज़िला व्यावसायिक इमारत के दूसरे माले में आग लग गई।अग्निशमन विभाग से गाड़ी मौके पर पहुंची और आग पर काबू पा लिया गया। किसी के घायल होने की सूचना नहीं है। खबर लिखे जाने तक आग लगने के कारण और नुकसान की मात्रा का पता नहीं चल पाया था।

वहीं, सुबह करीब 4:55 बजे भवानीपुर के हाजरा रोड में सड़क किनारे एक फास्ट फूड स्टॉल में आग लग गई।दो अग्निशमन गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और आग पर जल्द ही काबू पा लिया गया। इस घटना में किसी के घायल होने की खबर नहीं है। आग लगने के कारणों की जांच जारी है।

तीसरी घटना में सुबह 3:17 बजे बउबाजार थाना अंतर्गत जी.सी. एवेन्यू स्थित एक मंज़िला घर में आग लगी। दो दमकल की गाड़ी मौके पर पहुंची और थोड़ी ही देर में आग बुझा दी गई। इस घटना में किसी के हताहत होने की खबर नहीं है।

दूसरी तरफ सुबह 3.05 बजे बेहाला के चंडीतला मेन रोड स्थित एक प्लास्टिक सामग्री की फैक्ट्री (एस्बेस्टस शेड) में आग लग गई। तीन दमकल की गाड़ियां मौके पर पहुंची और आग पर नियंत्रण पा लिया गया, किसी की जान को नुकसान नहीं पहुंचा।

वहीं, रविवार रात 11:15 बजे रवींद्र सरोवर थाना अंतर्गत 19, मनोहरपुकुर रोड स्थित एक पांच मंज़िला इमारत की छत पर रखे डेकोरेटर सामग्री के ढेर में आग लग गई। एक फायर टेंडर ने थोड़ी ही देर में आग बुझा दी। किसी के घायल होने की सूचना नहीं है।

सभी घटनाओं की जांच संबंधित थाना पुलिस कर रही है। अग्निशमन विभाग ने कहा कि अधिकांश घटनाओं में आग पर समय रहते काबू पा लिया गया, जिससे कोई बड़ा हादसा नहीं हुआ।

Next Story