पश्चिम बंगाल

Kolkata: जमीन वापस मांगने पर घर पर हमला, भाजपा कार्यकर्ता समेत पांच घायल

Admindelhi1
26 Aug 2026 11:28 AM IST
Kolkata: जमीन वापस मांगने पर घर पर हमला, भाजपा कार्यकर्ता समेत पांच घायल
x
"भाजपा कार्यकर्ता के घर पर हमला, जमीन विवाद में पांच लोग घायल"

कोलकाता: तृणमूल के शासनकाल में कथित रूप से जमीन पर कब्जा किए जाने और अब जमीन वापस मांगने को लेकर भाजपा कार्यकर्ता के घर पर हमला करने का मामला सामने आया है। घटना मंगलवार सुबह देगंगा के माटीकुमड़ा इलाके की है। हमले में भाजपा कार्यकर्ता अबू खैर मंडल समेत पांच लोग घायल हुए हैं।

आरोप है कि कुछ लोग हथियार लेकर अबू खैर मंडल के घर में घुसे और परिवार के सदस्यों के साथ मारपीट की। इस दौरान घर में तोड़फोड़ भी की गई। परिवार का आरोप है कि मारपीट में कई लोगों के हाथ-पैर में गंभीर चोटें आई हैं। कुछ लोगों के शरीर पर धारदार हथियार से हमला किए जाने के निशान भी हैं। घटना के बाद घायलों को पहले विश्वनाथपुर ग्रामीण अस्पताल में भर्ती कराया गया। बाद में उनकी स्थिति को देखते हुए उन्हें बारासात सरकारी मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल भेज दिया गया।

देगंगा के माटीकुमड़ा निवासी अबू खैर मंडल भाजपा कार्यकर्ता हैं। उनके परिवार की सदस्य सबीना बीबी ने आरोप लगाया कि तृणमूल के शासनकाल में उनकी जमीन पर जबरन कब्जा किया गया था। अब राजनीतिक बदलाव के बाद परिवार जमीन वापस मांग रहा था। इसी वजह से उनके घर पर हमला किया गया।

भाजपा ने घटना के पीछे राजनीतिक प्रतिशोध की आशंका जताई है। भाजपा नेत्री दीपिका चटर्जी ने आरोपितों को जल्द गिरफ्तार कर कड़ी कार्रवाई की मांग की है।

पुलिस ने बताया कि शिकायत के आधार पर मामले की जांच शुरू कर दी गई है।

Next Story