- Home
- /
- राज्य
- /
- पश्चिम बंगाल
- /
- Kolkata: चिटफंड मामले...
Kolkata: चिटफंड मामले में ईडी ने कसा शिकंजा, कई ठिकानों पर छापे

कोलकाता: चिटफंड से जुड़े कथित वित्तीय घोटाले की जांच के सिलसिले में प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने बुधवार सुबह कोलकाता के कई इलाकों में एक साथ तलाशी अभियान चलाया। शुरुआती जानकारी के मुताबिक, शहर में कम से कम छह ठिकानों पर ईडी की टीमें पहुंचीं। कार्रवाई के दौरान सुरक्षा के लिए केंद्रीय सशस्त्र बलों के जवान भी तैनात रहे।
आधिकारिक जानकारी के अनुसार, ईडी की एक टीम सुबह करीब सात बजे उत्तर कोलकाता के नारकेलडांगा इलाके में एक व्यवसायी के आवास पर पहुंची। व्यवसायी का नाम अब्दुर जब्बार मोल्ला बताया गया है। जांच कथित तौर पर चिटफंड के जरिये जुटाई गई रकम और उसके विभिन्न कारोबार में इस्तेमाल से संबंधित है। हालांकि, इन आरोपों की अंतिम पुष्टि जांच पूरी होने के बाद ही हो सकेगी।
ईडी सूत्रों के हवाले से मिली जानकारी के मुताबिक, जांच का संबंध एपीएम नामक चिटफंड या निवेश नेटवर्क से बताया जा रहा है। एजेंसी यह पता लगाने में जुटी है कि निवेशकों से जुटाई गई रकम कहां भेजी गई और क्या उसे दूसरे कारोबार, निर्माण या रियल एस्टेट से जुड़े कामों के माध्यम से निवेश या स्थानांतरित किया गया।
नारकेलडांगा के अलावा नेताजीनगर और रविंद्र सरोवर इलाके में भी ईडी की टीमें पहुंचीं। नेताजीनगर में अब्दुर जब्बार मोल्ला से कथित रूप से जुड़े एक व्यक्ति के आवास पर भी तलाशी ली गई। जांचकर्ताओं ने संबंधित लोगों के वित्तीय लेनदेन, दस्तावेज और अन्य रिकॉर्ड की जांच की।
ईडी की यह कार्रवाई कोलकाता तक ही सीमितत नहीं रही, मध्यप्रदेश के इंदौर में भी ईडी की टीम ने कई जगहों पर छापेमारी की। सूत्रों के अनुसार कुल 17 ठिकानों पर तलाशी की जानकारी भी सामने आई है।
ईडी की कार्रवाई का उद्देश्य कथित चिटफंड से जुटाई गई रकम के लेनदेन, उसके निवेश और संभावित धनशोधन के रास्तों का पता लगाना बताया जा रहा है। फिलहाल तलाशी के दौरान क्या-क्या दस्तावेज या अन्य सामग्री मिली है, इसकी ईडी की ओर से विस्तृत आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है।





