पश्चिम बंगाल

Kolkata: त्योहारों को लेकर कांग्रेस नेता ने सीएम से की अपील

Admindelhi1
17 Feb 2026 4:51 PM IST
Kolkata: त्योहारों को लेकर कांग्रेस नेता ने सीएम से की अपील
x

कोलकाता: वरिष्ठ कांग्रेस नेता एवं पूर्व सांसद अधीर रंजन चौधरी ने मंगलवार को मुख्यमंत्री ममता बनर्जी को पत्र लिखकर पवित्र रमजान माह और ईद-उल-फितर के अवसर पर विशेष प्रबंध करने की मांग की है।

उन्होंने अपने पत्र में कहा कि रमजान और ईद मुस्लिम समुदाय के लिए अत्यंत धार्मिक और सामाजिक महत्व रखते हैं। इस अवसर पर उन्होंने जनहित से जुड़े कई सुझाव सरकार के समक्ष रखे हैं।

चौधरी ने सार्वजनिक वितरण प्रणाली की दुकानों पर चावल, दाल, चीनी, खजूर तथा अन्य आवश्यक वस्तुओं की विशेष अथवा रियायती दर पर उपलब्धता सुनिश्चित करने की मांग की है। इसके साथ ही फलों एवं आवश्यक वस्तुओं की कीमतों में असामान्य वृद्धि रोकने के लिए विशेष कार्यदल गठित कर बाजार की नियमित निगरानी करने का प्रस्ताव दिया है।

उन्होंने इफ्तार और सेहरी के समय निर्बाध विद्युत आपूर्ति तथा स्वच्छ पेयजल की व्यवस्था सुनिश्चित करने का भी आग्रह किया है। ईद से पूर्व अतिरिक्त रेल एवं सरकारी बस सेवाएं चलाने तथा ईद वाले सप्ताह में महत्वपूर्ण परीक्षाएं न रखने पर विचार करने की मांग भी की गई है, ताकि दूर-दराज से आने वाले विद्यार्थियों को कठिनाई न हो।

इसके अतिरिक्त उन्होंने रोजा रखने वाले कर्मचारियों की सुविधा के लिए कार्यालय समय में अस्थायी परिवर्तन तथा ईद के अवसर पर न्यूनतम तीन दिन का सरकारी अवकाश घोषित करने का सुझाव दिया है। उनका कहना है कि यदि ईद से एक दिन पूर्व और एक दिन पश्चात अवकाश दिया जाता है, तो दूर स्थानों पर कार्यरत लोग अपने परिवार के साथ त्योहार मना सकेंगे, जिससे पारिवारिक संबंध और सामाजिक सौहार्द को बल मिलेगा।

चौधरी ने कहा कि उनकी ये मांगें किसी विशेष सुविधा के लिए नहीं, बल्कि त्योहार के समय प्रशासनिक संवेदनशीलता और नागरिक सहयोग का प्रतीक हैं।

Next Story