पश्चिम बंगाल

Kolkata: पूर्व विधानसभा अध्यक्ष पर पद के दुरुपयोग का आरोप, भाजपा ने खोला मोर्चा

Admindelhi1
24 July 2026 4:07 PM IST
Kolkata: पूर्व विधानसभा अध्यक्ष पर पद के दुरुपयोग का आरोप, भाजपा ने खोला मोर्चा
x
बिमान बनर्जी विवाद: भाजपा विधायक ने निष्पक्ष जांच की मांग की

कोलकाता: पश्चिम बंगाल विधानसभा के पूर्व अध्यक्ष और तृणमूल कांग्रेस विधायक बिमान बनर्जी पर पद के कथित दुरुपयोग के आरोप लगाए गए हैं। बैरकपुर से भाजपा विधायक एवं अधिवक्ता कौस्तव बागची ने गुरुवार को विधानसभा में यह मुद्दा उठाते हुए वर्तमान विधानसभा अध्यक्ष रथींद्र बोस से पूरे मामले की जांच कराने की मांग की।

कौस्तव बागची ने सदन में आरोप लगाया कि बिमान बनर्जी के विधानसभा अध्यक्ष रहने के दौरान उनके एक करीबी मइशुद्दीन मंडल को विधानसभा में उप सुरक्षा अधिकारी के पद पर नियुक्त किया गया था। उनका दावा है कि संबंधित व्यक्ति ने विधानसभा के आधिकारिक कार्यों के अलावा निजी उपयोग के लिए भी सरकारी वाहन का इस्तेमाल किया।

भाजपा विधायक ने आरोप लगाया कि पूजा के दौरान परिवार के साथ निजी यात्रा के लिए भी सरकारी वाहन का उपयोग किया गया। उन्होंने यह भी कहा कि संबंधित व्यक्ति बिमान बनर्जी के कार्यकाल में विधानसभा के कर्मचारियों को धमकाता था।

कौस्तव बागची ने एक अन्य गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि जब वर्तमान मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी विधानसभा में विपक्ष के नेता थे, तब उनके कक्ष के बाहर हवाई चप्पलों का ढेर लगाए जाने की घटना में भी उसी व्यक्ति की भूमिका थी।

भाजपा विधायक ने विधानसभा अध्यक्ष रथींद्र बोस से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर आवश्यक कार्रवाई करने की मांग की।

हालांकि, खबर लिखे जाने तक पूर्व विधानसभा अध्यक्ष बिमान बनर्जी की ओर से इन आरोपों पर कोई प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है। आरोपों की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं हो सकी है।

Next Story