पश्चिम बंगाल

Kolkata: पुलिस की तलब के बाद भी अणुव्रत मंडल नहीं पहुंचे, बढ़ी कानूनी पेंच

Admindelhi1
31 May 2025 2:03 PM IST
Kolkata: पुलिस की तलब के बाद भी अणुव्रत मंडल नहीं पहुंचे, बढ़ी कानूनी पेंच
x
पुलिस के समन के बाद भी हाजिर नहीं हुए अणुव्रत मंडल

कोलकाता: तृणमूल कांग्रेस के वरिष्ठ और विवादित नेता अणुव्रत मंडल एक बार फिर कानूनी संकट में घिरते नजर आ रहे हैं। एक पुलिस अधिकारी की पत्नी और मां को दुष्कर्म की धमकी देने के मामले में उनके खिलाफ गैर जमानती धाराओं में मामला दर्ज किया गया है। इस मामले में बोलपुर एसडीपीओ कार्यालय से उन्हें समन भेजा गया था और शनिवार सुबह थाने में पेश होने का निर्देश दिया गया था। हालांकि, डेडलाइन गुजर जाने के बाद भी अणुव्रत मंडल खुद पेश नहीं हुए। उनकी ओर से पांच वकीलों की एक टीम बोलपुर एसडीपीओ कार्यालय पहुंची। वकीलों ने हालांकि इस मामले पर सीधे कुछ कहने से इनकार किया। एक वकील ने मीडिया से बात करते हुए कहा, “हम किसी अन्य विषय पर मिलने आए थे।” एक अन्य वकील ने इस मुलाकात को महज “शिष्टाचार भेंट” बताया।

सूत्रों के मुताबिक, मंडल अब इस मामले में अग्रिम जमानत के लिए सिउड़ी महकमा अदालत या कलकत्ता उच्च न्यायालय का रुख कर सकते हैं। उल्लेखनीय है कि अणुव्रत मंडल पहले भी कई बार विवादित बयानों, धमकियों और भड़काउ लहजे के कारण चर्चा में रहे हैं। पश्चिम बंगाल में गौ तस्करी मामले में भी उनका नाम सामने आया था, जिस कारण उन्हें केंद्रीय एजेंसियों ने गिरफ्तार किया था और वह लंबे समय तक दिल्ली की तिहाड़ जेल में बंद रहे थे। एक दिन पहले एक पुलिस अधिकारी से बातचीत का उनका ऑडियो वायरल हुआ था जिसमें मंडल ने पुलिस अधिकारी की पत्नी और मां को दुष्कर्म की धमकी दी। धमकी का ऑडियो वायरल होने के बाद मंडल पर भारतीय न्याय संहिता की कई गैर जमानती धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया। पुलिस सूत्रों का कहना है कि यदि वह जल्द ही पेश नहीं होते, तो उनके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जा सकती है।

Next Story