पश्चिम बंगाल

Kolkata: बंगाल ग्लोबल बिजनेस समिट में वित्तीय अनियमितताओं के आरोप, जांच के संकेत

Admindelhi1
24 Jun 2026 10:58 AM IST
Kolkata: बंगाल ग्लोबल बिजनेस समिट में वित्तीय अनियमितताओं के आरोप, जांच के संकेत
x
बंगाल ग्लोबल बिजनेस समिट के खर्चों पर उठे सवाल, जांच की तैयारी

कोलकाता: पश्चिम बंगाल विधानसभा में मंगलवार को मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने पूर्व मुख्यमंत्री ममता बनर्जी सरकार पर बंगाल ग्लोबल बिजनेस समिट के आयोजन में बड़े पैमाने पर वित्तीय अनियमितताओं का आरोप लगाया।

राज्य के वित्त मंत्री स्वपन दासगुप्ता द्वारा सोमवार को पेश किए गए वर्ष 2026-27 के बजट प्रस्तावों पर चर्चा के दौरान शुभेंदु अधिकारी ने दावा किया कि पिछली सरकार ने समिट के आयोजन के लिए एक राष्ट्रीय उद्योग संगठन को करीब 325 करोड़ रुपये का अवैध भुगतान किया।

विधानसभा में विपक्षी विधायकों को एक फाइल दिखाते हुए अधिकारी ने कहा कि इस पर ममता बनर्जी के हस्ताक्षर हैं और इसके जरिए 324.73 करोड़ रुपये के भुगतान को मंजूरी दी गई थी। उन्होंने आरोप लगाया कि यह भुगतान पूरी तरह अवैध था और यह भ्रष्टाचार का स्पष्ट मामला है।

शुभेंदु अधिकारी ने कहा कि यह केवल शुरुआत है और पिछली सरकार के कार्यकाल में हुए हर भ्रष्टाचार की जांच कराई जाएगी।

इससे पहले 13 जून को भी उन्होंने आरोप लगाया था कि ममता बनर्जी सरकार ने बीजीबीएस के आयोजन के लिए एक इवेंट मैनेजमेंट कंपनी को 635 करोड़ रुपये का भुगतान किया था। उन्होंने कहा था कि यह जांच की जाएगी कि यह राशि किन मदों में खर्च की गई।

हालांकि उस समय उन्होंने सीधे तौर पर ममता बनर्जी पर आरोप नहीं लगाया था, लेकिन मंगलवार को विधानसभा में उन्होंने इस मुद्दे पर सीधे पूर्व मुख्यमंत्री को निशाने पर लिया।

Next Story