पश्चिम बंगाल

Kolkata: अग्निमित्रा पॉल नई जिम्मेदारी के बाद सक्रिय हुईं

Admindelhi1
12 May 2026 4:21 PM IST
Kolkata: अग्निमित्रा पॉल नई जिम्मेदारी के बाद सक्रिय हुईं
x
"विभागीय कार्यों में दिखी तेजी"

कोलकाता: पश्चिम बंगाल सरकार में नगर विकास एवं नगर निकाय मामलों के साथ महिला एवं बाल विकास विभाग की जिम्मेदारी मिलने के बाद मंत्री अग्निमित्रा पाल ने मंगलवार सुबह अपने विभागीय कार्यालय पहुंचकर कार्यभार संभाला। विभाग का दायित्व ग्रहण करने के बाद उन्होंने अधिकारियों के साथ पहली औपचारिक बैठक भी की और विभिन्न योजनाओं तथा प्राथमिकताओं को लेकर चर्चा की।

मंत्री अग्निमित्रा पाल ने कहा कि उन्हें राज्य सरकार में बेहद महत्वपूर्ण विभागों की जिम्मेदारी दी गई है और वह पूरी निष्ठा के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करेंगी। उन्होंने पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी

के प्रति आभार जताते हुए कहा कि उन पर जो विश्वास जताया गया है, उसे वह जनता के हित में काम करके साबित करने का प्रयास करेंगी।

उन्होंने कहा कि नगर विकास, नगर निकाय प्रशासन, महिला एवं बाल कल्याण जैसे विभाग सीधे तौर पर आम लोगों के जीवन से जुड़े हुए हैं। राज्य में शहरी विकास को गति देने, नगर सेवाओं को बेहतर बनाने तथा महिलाओं और बच्चों के कल्याण से जुड़ी योजनाओं को प्रभावी ढंग से लागू करना उनकी प्राथमिकताओं में शामिल रहेगा।

विभागीय अधिकारियों के साथ बैठक के दौरान राज्य के विभिन्न नगर निकायों की मौजूदा स्थिति, विकास परियोजनाओं की प्रगति, साफ-सफाई, पेयजल, सड़क और शहरी बुनियादी ढांचे को लेकर विस्तार से चर्चा की गई। इसके साथ ही महिला सुरक्षा, पोषण, बाल कल्याण और सामाजिक विकास से जुड़ी योजनाओं की भी समीक्षा की गई।

मंत्री ने कहा कि आगे कई बड़ी जिम्मेदारियां और चुनौतियां हैं तथा वह सभी अधिकारियों और कर्मचारियों के सहयोग से जनहित में तेजी से काम करना चाहती हैं। उन्होंने राज्यवासियों से आशीर्वाद और सहयोग की अपील भी की।

Next Story