- Home
- /
- राज्य
- /
- पश्चिम बंगाल
- /
- Kolkata: स्वास्थ्य से...
Kolkata: स्वास्थ्य से खिलवाड़ पर प्रशासन सख्त, 40 लाइसेंस निलंबन का प्रस्ताव

कोलकाता: कोलकाता के कई नामी रेस्तरां और खाद्य दुकानों में खाद्य सुरक्षा एवं स्वास्थ्य मानकों के उल्लंघन के आरोप सामने आने के बाद राज्य सरकार ने सख्त कार्रवाई के संकेत दिए हैं। करीब 40 रेस्तरां और खाद्य दुकानों के लाइसेंस निलंबित करने का प्रस्ताव दिया गया है। राज्य की नगर विकास मंत्री अग्निमित्रा पाल ने बुधवार को कहा कि गंभीर अनियमितता पाए जाने पर केवल लाइसेंस निलंबित करना पर्याप्त नहीं होगा, बल्कि लाइसेंस रद्द कर संबंधित प्रतिष्ठानों को बंद भी कराया जाना चाहिए।
अग्निमित्रा पाल ने कहा कि रेस्तरां और होटल में स्वास्थ्य नियमों का पालन नहीं करना या मिठाई की दुकानों में हानिकारक रंगों का इस्तेमाल करना लोगों के स्वास्थ्य के साथ खिलवाड़ है और यह गंभीर अपराध की श्रेणी में आता है। उन्होंने कहा कि जिस तरह अवैध निर्माण के खिलाफ लाइसेंस रद्द करने जैसी कड़ी कार्रवाई की जाती है, उसी तरह खाद्य सुरक्षा नियमों का उल्लंघन करने वाले रेस्तरां और दुकानों के खिलाफ भी सख्त कदम उठाए जाएंगे।
जांच के दौरान कुछ स्थानों पर सड़े हुए मांस और मछली के भंडारण तथा खाद्य पदार्थों में हानिकारक रंगों के इस्तेमाल के आरोप सामने आए हैं। इन मामलों को लेकर करीब 40 प्रतिष्ठानों के लाइसेंस निलंबित करने का प्रस्ताव रखा गया है।
पंचायत एवं ग्रामीण विकास मंत्री दिलीप घोष ने भी इस मुद्दे पर आम लोगों से विरोध दर्ज कराने की अपील की। उन्होंने कहा कि सरकार व्यवस्था सुधारने की कोशिश कर रही है और लोगों को भी शिकायतों के खिलाफ आवाज उठानी चाहिए। उन्होंने आरोप लगाया कि इस तरह की शिकायतें पहले भी सामने आती रही हैं, लेकिन पूर्ववर्ती सरकार के समय जरूरी कदम नहीं उठाए गए।
इसी बीच, तारापीठ और कोलकाता के मिर्जा गालिब स्ट्रीट में आग की घटनाओं के बाद प्रशासन ने विभिन्न गेस्ट हाउसों में सुरक्षा मानकों की जांच शुरू की है। कोलकाता नगर निगम ने 919 गेस्ट हाउस को बंद करने का नोटिस दिया है। पूजा से पहले इतनी बड़ी संख्या में गेस्ट हाउस बंद होने से पर्यटन पर असर पड़ने की आशंका जताई जा रही है।
दिलीप घोष ने गेस्ट हाउस संचालकों से समय रहते आवश्यक बुनियादी सुविधाएं और सुरक्षा व्यवस्था दुरुस्त करने की अपील की। उन्होंने कहा कि संचालकों को लाइसेंस नवीनीकरण के लिए सरकार के पास आवेदन करना चाहिए, अन्यथा पूजा के दौरान इसका असर पड़ सकता है।





