पश्चिम बंगाल

Kolkata: होटल में भीषण आग से मची अफरा-तफरी, दमकल ने कई लोगों को बचाया

Admindelhi1
19 Aug 2026 12:50 PM IST
Kolkata: होटल में भीषण आग से मची अफरा-तफरी, दमकल ने कई लोगों को बचाया
x
होटल अग्निकांड के बाद सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल, दमकल की तत्परता से टली बड़ी अनहोनी

कोलकाता: न्यू मार्केट के मिर्जा गालिब स्ट्रीट स्थित एक होटल में मंगलवार रात हुए भयावह अग्निकांड के बाद होटल की अग्निसुरक्षा व्यवस्था और प्रबंधन की भूमिका पर गंभीर सवाल उठ रहे हैं। हादसे में अब तक नौ लोगों की मौत की पुष्टि हुई है। मृतकों में छह पुरुष, दो महिलाएं और एक बच्चा शामिल हैं।

होटल में ठहरे कुछ लोगों का आरोप है कि आग लगने के बाद होटल प्रबंधन की ओर से कोई मदद नहीं मिली। उनके मुताबिक, होटल में पर्याप्त अग्निशमन व्यवस्था भी नहीं थी। आग लगते ही लोगों ने बाहर निकलने की कोशिश की, लेकिन चारों ओर धुआं फैल जाने के कारण बाहर निकलने का रास्ता तलाशना बेहद मुश्किल हो गया था। एक आवासी ने कहा कि यदि समय पर दमकलकर्मी नहीं पहुंचते तो शायद उनकी भी जान नहीं बचती।

स्थानीय लोगों के अनुसार, इस इलाके के कई होटलों में आम तौर पर दूसरे राज्यों और विदेशों से इलाज के लिए कोलकाता आने वाले लोग ठहरते हैं। मंगलवार रात जब होटल में अधिकतर लोग सो रहे थे, तभी आग लग गई। देखते ही देखते कई आवासी कमरों में फंस गए।

बताया जा रहा है कि संबंधित बहुमंजिली इमारत में आने-जाने के लिए एक ही रास्ता है, जो काफी संकरा है। आवासियों का आरोप है कि होटल में आपातकालीन निकास द्वार की भी व्यवस्था नहीं थी। आग और धुएं से बचने के लिए कुछ लोग शौचालयों में घुस गए और खिड़कियां तोड़कर बाहर निकलने की कोशिश की। बाद में दमकलकर्मियों ने मौके पर पहुंचकर इमारत में फंसे लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला।

इमारत की सबसे ऊपरी मंजिल पर एक परिवार भी रहता था। दमकलकर्मियों ने उस परिवार को भी सुरक्षित बाहर निकाला। परिवार की एक महिला ने आरोप लगाया कि होटल संचालकों से कई बार अग्निसुरक्षा की व्यवस्था करने के लिए कहा गया था, लेकिन नियमों का पालन नहीं किया गया। उन्होंने यह भी दावा किया कि प्रशासन से शिकायत करने के बावजूद कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई।

इस हादसे के बाद अब सवाल उठ रहा है कि होटल को अग्निसुरक्षा मानकों के पालन के बिना संचालन की अनुमति कैसे मिली और सुरक्षा संबंधी शिकायतों पर समय रहते कार्रवाई क्यों नहीं की गई। प्रशासन और संबंधित विभागों की भूमिका भी सवालों के घेरे में है।

Next Story