पश्चिम बंगाल

Kharagpur: आरपीएफ की सतर्कता से तीन बच्चों की सुरक्षित बरामदगी

Admindelhi1
30 Jun 2026 2:34 PM IST
Kharagpur: आरपीएफ की सतर्कता से तीन बच्चों की सुरक्षित बरामदगी
x
बच्चों को चाइल्ड हेल्प डेस्क के सुपुर्द किया गया

खड़गपुर: रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) खड़गपुर मंडल ने बच्चों की सुरक्षा को लेकर बड़ी कार्रवाई करते हुए अलग-अलग घटनाओं में तीन नाबालिग बच्चों को सुरक्षित रेस्क्यू किया। सभी बच्चों को जरूरी कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद बाल कल्याण समिति के सुपुर्द कर दिया गया।

सोमवार शाम सात बजे रेलवे अधिकारियों द्वारा प्रेस विज्ञप्ति जारी बताया गया पहली घटना हिजली रेलवे स्टेशन की है। यहां नियमित जांच के दौरान आरपीएफ जवानों को प्लेटफॉर्म नंबर-एक पर एक 15 वर्षीय किशोर अकेला और परेशान हालत में मिला। पूछताछ में उसने बताया कि वह छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले का निवासी है और 26 जून को अपनी मां के साथ पुरी से यात्रा कर रहा था। इस दौरान भुवनेश्वर स्टेशन पर पानी लेने के लिए उतरने के बाद उसकी ट्रेन छूट गई। भटकते हुए वह हिजली स्टेशन पहुंच गया। आरपीएफ ने उसे भोजन और सुरक्षा देने के बाद बाल सहायता डेस्क, खड़गपुर को सौंप दिया।

दूसरी घटना मेचेदा रेलवे स्टेशन की है। यहां रेल मदद सेवा के जरिए सूचना मिली कि ट्रेन संख्या 18045 में एक नाबालिग लड़का और लड़की बिना आरक्षण यात्रा कर रहे हैं। ट्रेन रुकते ही आरपीएफ ने कार्रवाई करते हुए एक 16 वर्षीय नाबालिग लड़की को सुरक्षित उतारा।

पूछताछ में लड़की ने बताया कि वह घर से भागकर आई है। मेडिकल जांच और कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद उसे सिस्टर निवेदिता बाल गृह, पूर्व मेदिनीपुर के माध्यम से बाल कल्याण समिति को सौंप दिया गया।

तीसरी घटना खड़गपुर रेलवे स्टेशन की है। यहां आरपीएफ और मेरी सहेली टीम ने प्लेटफॉर्म नंबर-तीन पर एक नाबालिग बच्ची को लावारिस हालत में घूमते देखा। काउंसिलिंग के दौरान बच्ची ने बताया कि उसका कोई सहारा नहीं है और वह ट्रेनों व स्टेशनों पर भीख मांगकर गुजारा करती है। इसके बाद आरपीएफ ने बच्ची को भोजन और प्राथमिक सहायता देने के बाद बाल सहायता डेस्क, खड़गपुर को सौंप दिया।

Next Story