पश्चिम बंगाल

Kharagpur: सहायक प्राध्यापक का शव मिलने से आईआईटी खड़गपुर में हड़कंप

Admindelhi1
30 July 2026 12:34 PM IST
Kharagpur: सहायक प्राध्यापक का शव मिलने से आईआईटी खड़गपुर में हड़कंप
x
आईआईटी खड़गपुर में संदिग्ध हालात में मिला शिक्षक का शव

खड़गपुर: भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान (आईआईटी) खड़गपुर के इलेक्ट्रिकल इंजीनियरिंग विभाग के सहायक प्राध्यापक डॉ. दीपक रेड्डी पुल्लागुरम (36) का शव बुधवार दोपहर 12.30 बजे परिसर स्थित उनके सरकारी आवास में फंदे से लटका मिला। घटना से संस्थान में सनसनी फैल गई।

पुलिस के अनुसार, मूल रूप से हैदराबाद निवासी डॉ. पुल्लागुरम आईआईटी परिसर के सरकारी क्वार्टर में अकेले रहते थे। बुधवार सुबह उनसे संपर्क नहीं हो पाने पर आईआईटी प्रशासन ने पुलिस को सूचना दी। इसके बाद दोपहर को खड़गपुर टाउन थाना की हिजली चौकी की पुलिस मौके पर पहुंची। सुरक्षा कर्मियों की सहायता से आवास का दरवाजा खोलकर पुलिस ने उनका शव फंदे से उतारा और कब्जे में लिया।

इसके बाद उन्हें आईआईटी परिसर स्थित बी.सी. रॉय अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

पुलिस ने कमरे को सील कर जांच शुरू कर दी है। घटनास्थल से सुसाइड नोट मिला है या नहीं, इस संबंध में खबर लिखे जाने तक कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई थी। जांच अधिकारी सुरक्षा कर्मियों, आसपास के लोगों तथा सहकर्मियों से पूछताछ कर रहे हैं।

पश्चिम मेदिनीपुर की पुलिस अधीक्षक पापिया सुल्ताना ने बताया कि एक प्राध्यापक का शव फंदे से लटका हुआ बरामद किया गया है। मृत्यु किन परिस्थितियों में हुई, इसकी जांच जारी है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Next Story