पश्चिम बंगाल

Kharagpur: कांग्रेस प्रत्याशी को लेकर खड़गपुर में विरोध प्रदर्शन

Admindelhi1
30 March 2026 4:01 PM IST
Kharagpur: कांग्रेस प्रत्याशी को लेकर खड़गपुर में विरोध प्रदर्शन
x

खड़गपुर: खड़गपुर सदर विधानसभा क्षेत्र के लिए कांग्रेस द्वारा प्रत्याशी घोषित किए जाने के बाद पार्टी के भीतर असंतोष सामने आया है। घोषित उम्मीदवार पापिया चक्रवर्ती के नाम की घोषणा के बाद रविवार रात गोलबाजार स्थित कांग्रेस कार्यालय के सामने पार्टी के कुछ कार्यकर्ताओं और समर्थकों ने विरोध प्रदर्शन किया।

स्थानीय सूत्रों के अनुसार, पहले किसी अन्य व्यक्ति को उम्मीदवार बनाए जाने की चर्चा थी, लेकिन अंतिम सूची में पापिया चक्रवर्ती का नाम घोषित होने के बाद कार्यकर्ताओं में नाराजगी फैल गई। इसके विरोध में कार्यकर्ता पार्टी कार्यालय के सामने एकत्र हुए और पार्टी नेतृत्व के खिलाफ नारेबाजी की। प्रदर्शनकारियों का आरोप है कि उम्मीदवार चयन में जमीनी स्तर के कार्यकर्ताओं की राय को नजरअंदाज किया गया है।

जिला युवा कांग्रेस के सचिव छोटन सेन ने कहा कि खड़गपुर सदर से घोषित उम्मीदवार का संबंध पहले आरएसएस और भाजपा से रहा है तथा वे अभी भी उनके संपर्क में हैं।

वहीं खड़गपुर कांग्रेस के युवा नेता अमित शर्मा ने कहा कि खड़गपुर सदर से जिस उम्मीदवार की घोषणा की गई है, उसे खड़गपुर शहर युवा कांग्रेस स्वीकार नहीं करती। पार्टी को ऐसे व्यक्ति को उम्मीदवार बनाना चाहिए जो लंबे समय से कांग्रेस की विचारधारा और संगठन से जुड़ा रहा हो। यदि पार्टी नेतृत्व इस निर्णय पर पुनर्विचार नहीं करता है, तो शहर के सभी 35 वार्डों में आंदोलन तेज किया जाएगा।

इस पूरे मामले पर सोमवार सुबह कांग्रेस प्रत्याशी पापिया चक्रवर्ती ने फोन पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि हर राजनीतिक दल में थोड़ा-बहुत विरोध होता है और दो-चार लोगों के विरोध से कोई खास समस्या नहीं आएगी। हालांकि उन्होंने कहा कि बातचीत के माध्यम से इस मुद्दे को सुलझा लिया जाएगा।

Next Story