पश्चिम बंगाल

Kharagpur: अरण्य सप्ताह में प्रकृति बचाने का संकल्प, मां के नाम पौधरोपण अभियान

Admindelhi1
17 July 2026 11:39 AM IST
Kharagpur: अरण्य सप्ताह में प्रकृति बचाने का संकल्प, मां के नाम पौधरोपण अभियान
x

खड़गपुर: पश्चिम बंगाल सरकार के अधीन खड़गपुर वन प्रभाग के कलाइकुंडा वन क्षेत्र की ओर से गुरुवार को अरण्य सप्ताह-2026 का आयोजन उत्साहपूर्वक किया गया। इस अवसर पर एक पेड़ मां के नाम विषय को केंद्र में रखकर पर्यावरण संरक्षण एवं वृक्षारोपण का संदेश दिया गया।

कार्यक्रम के अंतर्गत वन विभाग की ओर से एक विशेष शोभायात्रा एवं जागरूकता पदयात्रा निकाली गई, जिसमें बड़ी संख्या में वनकर्मी, सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधि तथा स्थानीय लोगों ने भाग लिया। पदयात्रा के माध्यम से लोगों से अपनी माता के सम्मान में कम से कम एक पौधा लगाने तथा पर्यावरण संरक्षण में सक्रिय भूमिका निभाने की अपील की गई।

वन अधिकारियों ने कहा कि वृक्ष केवल प्रकृति की शोभा नहीं हैं, बल्कि मानव जीवन के अस्तित्व का आधार हैं। स्वच्छ पर्यावरण, जल संरक्षण तथा आने वाली पीढ़ियों के सुरक्षित भविष्य के लिए व्यापक स्तर पर पौधारोपण आवश्यक है।

इस अवसर पर सामाजिक संस्था ट्री इज लाइफ फाउंडेशन के सदस्यों ने भी सक्रिय सहभागिता करते हुए शोभायात्रा में सहयोग प्रदान किया तथा वृक्षारोपण अभियान को जन-जन तक पहुंचाने का संकल्प लिया।

कार्यक्रम में कलाइकुंडा रेंज के रेंज अधिकारी प्रणय सरकार तथा बीट अधिकारी जगबंधु महतो सहित वन विभाग के अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

रेंज अधिकारी प्रणय सरकार ने कहा कि ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान प्रकृति और मातृत्व के सम्मान का प्रतीक है। प्रत्येक व्यक्ति यदि एक पौधा लगाकर उसका संरक्षण करे, तो पर्यावरण संरक्षण का लक्ष्य आसानी से प्राप्त किया जा सकता है।

Next Story