पश्चिम बंगाल

Kharagpur: रेल हादसा टालने में अहम भूमिका, खड़गपुर मंडल ने दो ट्रैक मेंटेनरों को नवाजा

Admindelhi1
9 Sept 2026 11:57 AM IST
Kharagpur: रेल हादसा टालने में अहम भूमिका, खड़गपुर मंडल ने दो ट्रैक मेंटेनरों को नवाजा
x
खड़गपुर मंडल ने दो ट्रैक मेंटेनरों को किया सम्मानित, सतर्कता से टला हादसा

खड़गपुर: दक्षिण पूर्व रेलवे के खड़गपुर मंडल में सतर्कता, सूझबूझ और कर्तव्यपरायणता की मिसाल पेश करते हुए एक संभावित रेल दुर्घटना को टालने वाले दो ट्रैक मेंटेनरों को मंगलवार को सम्मानित किया गया। वरिष्ठ इंजीनियर (पी.वे./खड़गपुर) के अधीन कार्यरत ट्रैक मेंटेनर-III संजीत कुमार घोष और मदन मोहन दास को खड़गपुर के मंडल रेल प्रबंधक (डीआरएम) ललित मोहन पांडेय ने नकद पुरस्कार और प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया।

रेल प्रशासन के अनुसार, 24 अगस्त देर रात दोनों ट्रैक मेंटेनर अपनी निर्धारित मानसून रात्रि गश्त ड्यूटी पर थे। रात करीब 1:40 बजे (25 अगस्त) गोकुलपुर-मेदिनीपुर ब्लॉक खंड की ऊपर मुख्य लाइन पर स्थित प्वाइंट संख्या 37/ए (किमी 122/1ए-2ए) के पास उन्हें रेल पटरी में गंभीर खराबी और दरार दिखाई दी।

दोनों कर्मचारियों ने बिना किसी देरी के अत्यधिक सतर्कता और सूझबूझ का परिचय देते हुए तत्काल इसकी सूचना संबंधित खंडीय एसएसई (पी.वे.) और इकाई प्रभारी को दी। सूचना पाकर एसएसई/पी.वे. की टीम तत्काल मौके पर पहुंची और आवश्यक सुरक्षा उपाय करते हुए 30 किलोमीटर प्रति घंटा का गति प्रतिबंध लागू किया। इससे वहां से गुजरने वाली ट्रेनों की सुरक्षित आवाजाही सुनिश्चित हो सकी और एक संभावित अप्रिय घटना टल गई।

कर्मचारियों को सम्मानित करते हुए डीआरएम ललित मोहन पांडेय ने उनकी जिम्मेदारी की भावना और सतर्कता की सराहना की। उन्होंने कहा कि अग्रिम पंक्ति में कार्यरत रेल कर्मचारियों की ऐसी सतर्कता और त्वरित कार्रवाई रेल परिचालन की सुरक्षा बनाए रखने में बेहद महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है।

Next Story