- Home
- /
- राज्य
- /
- पश्चिम बंगाल
- /
- रेलकर्मियों की सतर्कता...
रेलकर्मियों की सतर्कता से 16 वर्षीय लड़की को मिला परिवार

सांतरागाछी: दक्षिण पूर्व रेलवे के सांतरागाछी स्टेशन पर तैनात रेलकर्मियों की सतर्कता से एक 16 वर्षीय नाबालिग लड़की को सुरक्षित उसके परिवार तक पहुंचा दिया गया। किशोरी सोमवार रात स्टेशन के प्लेटफॉर्म संख्या 06/07 पर मिली थी। आवश्यक पूछताछ और परिजनों से संपर्क के बाद उसे सकुशल माता-पिता के सुपुर्द कर दिया गया।
जीआरपी से मंगलवार दोपहर मिली जानकारी के अनुसार, रात की ड्यूटी के दौरान प्लेटफॉर्म पर मौजूद कर्मचारियों की नजर अकेली खड़ी लड़की पर पड़ी। उन्होंने तत्परता दिखाते हुए इसकी सूचना संबंधित अधिकारियों को दी। इसके बाद एलएएसआई सोनाली डे की देखरेख में किशोरी को रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) के सांतरागाछी पोस्ट स्थित कार्यालय लाया गया।
सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए उसे कार्यालय के विशेष बाल कक्ष में रखा गया। इस दौरान उससे बातचीत कर जरूरी जानकारी जुटाई गई। किशोरी ने अपना नाम सुमी मंडल (16) बताया। वह पूर्व मेदिनीपुर जिले के मारीसदा थाना क्षेत्र के कनाईदिघी गांव की रहने वाली है।
पूछताछ के दौरान सुमी ने अपने माता-पिता का मोबाइल नंबर उपलब्ध कराया। इसके आधार पर आरपीएफ ने परिवार से संपर्क कर लड़की के स्टेशन पर सुरक्षित होने की जानकारी दी। सूचना मिलते ही उसके माता-पिता सांतरागाछी आरपीएफ कार्यालय पहुंचे।
वहां उन्होंने अपनी बेटी को स्वस्थ अवस्था में पाया। आवश्यक प्रक्रिया पूरी होने के बाद किशोरी को माता-पिता के साथ घर भेज दिया गया। रेलकर्मियों और आरपीएफ की त्वरित कार्रवाई से नाबालिग सुरक्षित अपने परिवार से मिल सकी।





