पश्चिम बंगाल

बंगाल में एसआईआर और कानून व्यवस्था पर आईएसएफ विधायक ने उठाए सवाल

Admindelhi1
27 Nov 2026 1:47 PM IST
बंगाल में एसआईआर और कानून व्यवस्था पर आईएसएफ विधायक ने उठाए सवाल
x
मतदाता सूची की जांच करना पुलिस का काम नहीं: नौशाद सिद्दीकी

कोलकाता: मतदाता सूची से जुड़े विवाद, कानून व्यवस्था, भ्रष्टाचार और शिक्षक नियुक्तियों सहित विभिन्न मुद्दों को लेकर इंडियन सेक्युलर फ्रंट (आईएसएफ) के विधायक नौशाद सिद्दीकी ने पश्चिम बंगाल सरकार और प्रशासन की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए हैं। गुरुवार को दक्षिण 24 परगना जिले के भांगड़ में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में उन्होंने प्रशासनिक प्रक्रियाओं में पारदर्शिता सुनिश्चित करने की मांग की।

सिद्दीकी ने एसआईआर के बाद मतदाता सूची से नाम हटाए जाने अथवा विचाराधीन मामलों वाले लोगों के घर पुलिस और सिविक वॉलंटियर के पहुंचने पर आपत्ति जताई। उन्होंने कहा कि मतदाता सूची से संबंधित दस्तावेजों की जांच के लिए चुनाव आयोग की निर्धारित व्यवस्था और बूथ लेवल ऑफिसर मौजूद हैं।

उन्होंने दावा किया कि पिछले कुछ दिनों से लगातार नागरिकों की शिकायतें मिल रही हैं। पुलिसकर्मियों द्वारा दस्तावेज मांगने के संबंध में उन्होंने आधिकारिक आदेश सार्वजनिक करने की मांग की। सिद्दीकी के मुताबिक, करीब 27 लाख मतदाताओं के मामले न्यायाधिकरण में लंबित हैं। ऐसे में प्रशासन को लोगों के बीच भ्रम दूर करने के लिए पारदर्शिता अपनानी चाहिए।

राज्य की कानून व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए आईएसएफ विधायक ने आसनसोल में पुलिस टीम पर गोलीबारी तथा त्रिवेणी और बांसद्रोणी में हुई लूट और डकैती की घटनाओं का उल्लेख किया। उन्होंने अपराधियों की शीघ्र गिरफ्तारी और अवैध हथियारों की बरामदगी के लिए व्यापक अभियान चलाने की मांग की।

सिद्दीकी ने एनकाउंटर को अपराध नियंत्रण का स्थायी समाधान मानने से इनकार किया। उन्होंने कहा कि अपराधियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई करते हुए न्यायिक प्रक्रिया और फास्ट ट्रैक अदालतों के माध्यम से दोषियों को सजा दिलाई जानी चाहिए।

भ्रष्टाचार के मामलों में उन्होंने संदिग्ध संपत्तियों और उनके वास्तविक आय स्रोतों की जांच करने पर जोर दिया। सुजीत बोस से जुड़े मामले और कोलकाता नगर निगम के कुछ पार्षदों की गिरफ्तारी का उल्लेख करते हुए उन्होंने जांच की गति पर सवाल उठाए।

शिक्षा व्यवस्था को लेकर सिद्दीकी ने दावा किया कि राज्य के प्राथमिक विद्यालयों में करीब 50 हजार अतिरिक्त शिक्षकों की आवश्यकता है। उन्होंने 2022-23 के टीईटी उत्तीर्ण अभ्यर्थियों की नियुक्ति प्रक्रिया में तेजी लाने की मांग की। सरकारी नौकरियों के आवेदन शुल्क माफ करने के फैसले का स्वागत करते हुए उन्होंने समय पर नियुक्तियां सुनिश्चित करने पर जोर दिया।

केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी की सड़क निर्माण संबंधी घोषणाओं का स्वागत करते हुए उन्होंने निर्माण कार्यों में गुणवत्ता और पारदर्शिता सुनिश्चित करने की मांग की। इसके अलावा फुटपाथ पर कारोबार करने वाले हॉकर्स को हटाने से पहले उनके पुनर्वास की व्यवस्था करने की बात कही।

बाल विवाह के खिलाफ राज्य सरकार के जागरूकता अभियान का समर्थन करते हुए उन्होंने विभिन्न धर्मों के प्रतिनिधियों को इसमें शामिल करने की अपील की।

सिद्दीकी ने कुछ आपराधिक घटनाओं में भाजपा समर्थित लोगों की कथित संलिप्तता का उल्लेख करते हुए भाजपा नेतृत्व पर भी निशाना साधा। उन्होंने राजनीतिक विरोध के दौरान आपत्तिजनक भाषा और व्यक्तिगत तस्वीरों से छेड़छाड़ को अनुचित बताते हुए लोकतांत्रिक मर्यादाओं का सम्मान करने की बात कही।

Next Story