- Home
- /
- राज्य
- /
- पश्चिम बंगाल
- /
- Silicon Valley IT Park...
Silicon Valley IT Park में निवेश, हजारों युवाओं को मिलेगा रोजगार

पश्चिम बंगाल: युवाओं के लिए बड़ी खुशखबरी सामने आई है। ग्राहक अनुभव और बिजनेस प्रोसेस सॉल्यूशंस (BPO) सेवाएं देने वाली बहुराष्ट्रीय कंपनी Fusion CX ने राज्य में बड़ा विस्तार करने की घोषणा की है। कंपनी अगले तीन वर्षों में पश्चिम बंगाल में करीब 100 करोड़ रुपये का निवेश करेगी और इसके तहत हजारों रोजगार के अवसर पैदा होंगे।
कंपनी ने कोलकाता के न्यू टाउन स्थित बंगाल सिलिकॉन वैली टेक्नोलॉजी हब में आईटी और आईटीईएस परिसर स्थापित करने की योजना बनाई है। यह परिसर एक 11 मंजिला अत्याधुनिक भवन के रूप में विकसित किया जाएगा, जो लगभग 2 लाख वर्ग फुट क्षेत्र में फैला होगा। इसके लिए कंपनी ने एक्शन एरिया-2 में 1.06 एकड़ भूमि भी हासिल कर ली है। इस प्रोजेक्ट के पूरा होने के बाद करीब 9000 लोगों को रोजगार मिलने की संभावना है। कंपनी के सीईओ पंकज धानुका ने बताया कि पश्चिम बंगाल में मौजूद प्रतिभाशाली मानव संसाधन, बेहतर होता बुनियादी ढांचा और पूर्वी भारत का प्रवेश द्वार होने की रणनीतिक स्थिति इस विस्तार के लिए बेहद अनुकूल है।
फ्यूजन सीएक्स का सफर वर्ष 2004 में पश्चिम बंगाल से ही शुरू हुआ था। आज यह कंपनी 15 देशों में अपना कारोबार कर रही है और इसके कुल कर्मचारियों की संख्या 15,000 से अधिक हो चुकी है। पश्चिम बंगाल अभी भी कंपनी का सबसे बड़ा ऑफशोर डिलीवरी केंद्र बना हुआ है। वर्तमान में कंपनी के कोलकाता, हावड़ा, दुर्गापुर, कल्याणी और सिलीगुड़ी में पांच डिलीवरी सेंटर काम कर रहे हैं, जहां लगभग 4700 कर्मचारी कार्यरत हैं। ये केंद्र टेलीकॉम, ई-कॉमर्स, बैंकिंग और फाइनेंशियल सर्विसेज, हेल्थकेयर और रिटेल सेक्टर के ग्राहकों को सेवाएं दे रहे हैं।
कंपनी ने बताया कि सिलीगुड़ी में अगस्त 2025 में शुरू किए गए ई-कॉमर्स एक्सीलेंस सेंटर ने केवल तीन महीने में ही चार बड़ी ई-कॉमर्स कंपनियों को अपने क्लाइंट के रूप में जोड़ लिया है, जो इसके तेज विस्तार को दर्शाता है। कंपनी की सालाना वृद्धि दर करीब 35 प्रतिशत बताई गई है और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस आधारित सेवाओं के विस्तार से आगे भी तेजी जारी रहने की उम्मीद है। साथ ही कंपनी को सेबी से 1000 करोड़ रुपये के संभावित आईपीओ के लिए भी मंजूरी मिल चुकी है।
यह निवेश न केवल पश्चिम बंगाल के आईटी और सेवा क्षेत्र को मजबूत करेगा, बल्कि हजारों युवाओं के लिए रोजगार के नए रास्ते भी खोलेगा।





