पश्चिम बंगाल

दिल्ली धमाके के बाद ईस्ट मिदनापुर में सघन जांच अभियान

SHIDDHANT
13 Nov 2025 12:35 AM IST
दिल्ली धमाके के बाद ईस्ट मिदनापुर में सघन जांच अभियान
x
Delhi दिल्ली: धमाके के बाद अब पूरे देश में सुरक्षा एजेंसियां हाई अलर्ट मोड पर आ गई हैं। इसी कड़ी में पश्चिम बंगाल के ईस्ट मिदनापुर जिले में पुलिस और सुरक्षा बलों ने सघन जांच अभियान शुरू कर दिया है। एसडीपीओ (सब डिविजनल पुलिस ऑफिसर) दिबाकर दास ने बताया कि दिल्ली की घटना के बाद जिले में सतर्कता बढ़ा दी गई है और सुरक्षा जांच लगातार जारी है।
उन्होंने कहा, “दिल्ली की घटना के बाद एहतियातन हम पूरे जिले में सघन जांच कर रहे हैं।
प्रमुख मार्गों,
बस स्टैंड, रेलवे स्टेशन, होटल, लॉज और सार्वजनिक स्थलों पर पुलिस की विशेष टीमें निगरानी कर रही हैं। संदिग्ध वाहनों और व्यक्तियों की तलाशी ली जा रही है।” दिबाकर दास ने बताया कि पुलिस बल को अतिरिक्त पेट्रोलिंग करने के निर्देश दिए गए हैं और इंटेलिजेंस यूनिट भी सक्रिय कर दी गई है।
स्थानीय सूत्रों के अनुसार, पूर्व मिदनापुर के तमलुक, हल्दिया, कांथी और रामनगर क्षेत्रों में पुलिस ने विशेष नाकाबंदी अभियान चलाया। वाहनों की चेकिंग के दौरान कई लोगों के दस्तावेज भी सत्यापित किए गए। जिला प्रशासन ने सुरक्षा के दृष्टिकोण से संवेदनशील इलाकों में सीसीटीवी कैमरों की निगरानी बढ़ाने के निर्देश दिए हैं।
एसडीपीओ ने नागरिकों से अपील की है कि वे किसी भी संदिग्ध वस्तु, व्यक्ति या गतिविधि की जानकारी तुरंत पुलिस को दें। उन्होंने कहा, “यह सिर्फ सुरक्षा एजेंसियों की जिम्मेदारी नहीं है, बल्कि आम नागरिकों को भी सतर्क रहना चाहिए ताकि किसी भी अप्रिय घटना को समय रहते रोका जा सके। उधर, स्थानीय पुलिस थानों को अपने-अपने क्षेत्रों में रात्रि गश्त बढ़ाने का आदेश जारी किया गया है। रेलवे स्टेशन और बस अड्डों पर डॉग स्क्वॉड और बम निरोधक दस्ते की मदद से भी जांच की जा रही है।
Next Story