- Home
- /
- राज्य
- /
- पश्चिम बंगाल
- /
- IMD अलर्ट: उत्तर बंगाल...
IMD अलर्ट: उत्तर बंगाल में रेड चेतावनी, अन्य क्षेत्रों में भी बारिश का असर

कोलकाता: पश्चिम बंगाल में मौसम ने एक बार फिर करवट ली है। उत्तर बंगाल के कई जिलों में लगातार भारी बारिश के कारण हालात बिगड़ते जा रहे हैं। दार्जिलिंग के दुधिया इलाके में बारिश के चलते एक अस्थायी पुल गिर गया है, जबकि भूस्खलन के कारण राष्ट्रीय राजमार्ग भी बंद करना पड़ा है। मौसम विभाग ने चेतावनी दी है कि आने वाले दिनों में बारिश और बढ़ सकती है, जिससे पहाड़ी इलाकों में भूस्खलन का खतरा और गहरा हो सकता है।
मौसम विभाग (अलीपुर) के अनुसार उत्तर बंगाल में गुरुवार से ऑरेंज अलर्ट जारी किया जाएगा और अगले दो दिनों के लिए रेड अलर्ट की संभावना जताई गई है। दार्जिलिंग, जलपाईगुड़ी, अलीपुरदुआर, कूच बिहार और कालिम्पोंग में भारी बारिश की आशंका है। इन इलाकों में तेज बारिश के साथ पहाड़ी ढलानों पर भूस्खलन की संभावना भी बनी हुई है।
दक्षिण बंगाल में स्थिति अलग बनी हुई है। यहां भी हल्की से मध्यम बारिश के साथ उमस और गर्मी बनी हुई है। मौसम विभाग ने अगले कुछ दिनों तक गरज के साथ छिटपुट बारिश की चेतावनी दी है। कई जिलों में 30 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना भी जताई गई है। बारिश थमते ही एक बार फिर भीषण गर्मी लौटने की आशंका है।
विशेषज्ञों के अनुसार उत्तर बिहार से उत्तर-पश्चिम बंगाल की खाड़ी तक फैला निम्न दबाव का क्षेत्र झारखंड, पश्चिम बंगाल और ओडिशा तक प्रभाव डाल रहा है। इसी कारण मौसम में यह बड़ा बदलाव देखने को मिल रहा है।
प्रशासन ने लोगों को सतर्क रहने और पहाड़ी इलाकों में अनावश्यक यात्रा से बचने की सलाह दी है।





