पश्चिम बंगाल

आईआईटी खड़गपुर ने शुरू की एआई आधारित स्मार्ट कैंपस बस सेवा

Admindelhi1
17 Nov 2026 12:49 PM IST
आईआईटी खड़गपुर ने शुरू की एआई आधारित स्मार्ट कैंपस बस सेवा
x
स्वदेशी सॉफ्टवेयर से दौड़ेंगी स्मार्ट बसें, यात्रियों को मिलेगी रियल टाइम जानकारी

खड़गपुर: सार्वजनिक परिवहन व्यवस्था को तकनीक के सहारे अधिक व्यवस्थित बनाने की दिशा में आईआईटी खड़गपुर ने एक नई पहल की है। संस्थान ने अपने परिसर में कृत्रिम बुद्धिमत्ता (एआई) आधारित स्मार्ट बस सेवा शुरू की है। इस व्यवस्था के तहत बसों की आवाजाही, यात्रियों की संख्या, समय-सारणी और इलेक्ट्रिक वाहनों की चार्जिंग जैसी गतिविधियों का प्रबंधन एक स्वदेशी सॉफ्टवेयर के माध्यम से किया जाएगा।

संस्थान के सिटी फ्यूचर लैब में तैयार पब्ब्स ट्रांजिट वी2.0 नामक सॉफ्टवेयर इस सेवा का आधार है। वास्तुकला एवं क्षेत्रीय नियोजन विभाग के प्रोफेसर देबब्रत पंडित के मार्गदर्शन में विकसित इस प्रणाली पर करीब सात वर्षों तक शोध और तकनीकी परीक्षण किए गए हैं। इसमें पीएचडी और स्नातकोत्तर स्तर के शोधार्थियों ने भी योगदान दिया है।

चार मार्गों से जुड़ेंगे परिसर के प्रमुख क्षेत्र

नई व्यवस्था के अंतर्गत परिसर में ब्लू, ऑरेंज, वायलेट और ग्रीन नाम से चार बस मार्ग बनाए गए हैं। इनके जरिए शैक्षणिक विभागों, छात्रावासों, आवासीय परिसरों, बाजारों और अन्य महत्वपूर्ण स्थानों को जोड़ा जाएगा।

बस सेवा सोमवार से शुक्रवार तक सुबह 7:30 बजे से शाम 6:30 बजे तक उपलब्ध रहेगी। विद्यार्थियों, शिक्षकों, कर्मचारियों और परिसर के निवासियों को आगामी परीक्षाएं समाप्त होने तक इसका लाभ निःशुल्क मिलेगा।

मोबाइल पर मिलेगी बस की लोकेशन और पहुंचने का समय

इस सेवा में पब्ब्स ट्रांजिट मोबाइल एप की भी अहम भूमिका होगी। यात्री एप के माध्यम से बस की वास्तविक स्थिति, निर्धारित मार्ग, समय-सारणी और गंतव्य तक पहुंचने का अनुमानित समय देख सकेंगे। डिजिटल टिकट खरीदने के साथ क्यूआर कोड के जरिए टिकट सत्यापन की सुविधा भी उपलब्ध होगी।

केंद्रीकृत प्रबंधन प्रणाली से बसों की गतिविधियों और दैनिक परिचालन पर नजर रखी जाएगी। इससे यात्रियों को बस के इंतजार में लगने वाले समय की जानकारी पहले ही मिल सकेगी।

मशीन लर्निंग से तय होगी बसों की जरूरत

इस सॉफ्टवेयर की खासियत यह है कि यह पुराने और वास्तविक समय के टिकट आंकड़ों, यात्रियों की संख्या, यातायात की स्थिति तथा यात्रा अवधि का विश्लेषण कर सकता है। मशीन लर्निंग के आधार पर यह अनुमान लगाया जाएगा कि किस मार्ग पर कितने यात्रियों को परिवहन सुविधा की आवश्यकता है।

मांग के अनुसार बसों की संख्या और समय-सारणी में बदलाव किया जा सकेगा। इससे कम यात्रियों वाले मार्गों पर बसों के अनावश्यक संचालन को कम करने और व्यस्त मार्गों पर अतिरिक्त बसें उपलब्ध कराने में मदद मिलेगी।

प्रणाली बसों के प्रस्थान और आगमन के बीच अंतराल को नियंत्रित करने के लिए चालकों को निर्देश देने में भी सक्षम है। इसके अलावा एआई आधारित यात्री गणना, आपातकालीन सूचना, चालक संवाद, निगरानी और परिचालन प्रदर्शन के स्वचालित विश्लेषण जैसी सुविधाएं भी इसमें शामिल हैं।

दूसरे शहरों में भी लागू हो सकती है तकनीक

आईआईटी खड़गपुर की इस पहल को भविष्य में बड़े स्तर पर सार्वजनिक परिवहन व्यवस्था से जोड़ने की संभावना है। प्रधानमंत्री ई-बस सेवा कार्यक्रम के तहत देश के अन्य शहरों में भी इस सॉफ्टवेयर का उपयोग किया जा सकता है।

इस तकनीक के जरिए इलेक्ट्रिक बसों की चार्जिंग व्यवस्था और उपलब्ध वाहनों का बेहतर प्रबंधन करने में भी सहायता मिलेगी। इससे सार्वजनिक परिवहन को अधिक कुशल, व्यवस्थित और आंकड़ों पर आधारित बनाने का रास्ता खुल सकता है।

Next Story