- Home
- /
- राज्य
- /
- पश्चिम बंगाल
- /
- Howrah: हावड़ा रेलवे...
Howrah: हावड़ा रेलवे स्टेशन पर रेस्क्यू ऑपरेशन, छत पर चढ़े व्यक्ति को सुरक्षित उतारा

हावड़ा: हावड़ा रेलवे स्टेशन के दक्षिण कॉनकोर्स में मंगलवार देर रात एक व्यक्ति के ऊंचे पिलर पर चढ़ जाने से अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलते ही रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ), सरकारी रेलवे पुलिस (जीआरपी) और दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंची।
जानकारी के अनुसार, सोमवार रात करीब 11:15 बजे एक व्यक्ति दक्षिण कॉनकोर्स के प्लेटफॉर्म संख्या पांच और तीन के बीच स्थित एक पिलर पर चढ़ गया। प्रारंभिक तौर पर उसे मानसिक रूप से अस्वस्थ बताया जा रहा है।
घटना की सूचना मिलते ही आरपीएफ और जीआरपी के जवान तुरंत मौके पर पहुंचे। स्थिति को देखते हुए दमकल विभाग को भी बुलाया गया। काफी देर तक समझाने-बुझाने के बाद दमकल कर्मियों ने विशेष प्रयास कर रात 11:57 बजे उक्त व्यक्ति को सुरक्षित नीचे उतार लिया।
व्यक्ति की पहचान लिट्टू लोहरा (42) के रूप में हुई है। वह झारखंड के लोहरदगा जिले के गहेरांव थाना क्षेत्र के नागजुआ गांव का निवासी बताया गया है। उसके पिता का नाम मंगल लोहरा है।
रेलवे और पुलिस अधिकारी यह पता लगाने का प्रयास कर रहे हैं कि व्यक्ति ने ऐसा कदम क्यों उठाया। मामले की जांच जारी है।





