- Home
- /
- राज्य
- /
- पश्चिम बंगाल
- /
- बंगाल में खौफनाक...
बंगाल में खौफनाक वारदात, पत्नी ने प्रेमी तांत्रिक संग उतारा पति को मौत के घाट

सिलीगुड़ी। पश्चिम बंगाल के दार्जिलिंग जिले के बागडोगरा इलाके में मिले सिर कटे शव की गुत्थी पुलिस ने महज दो दिनों में सुलझा ली है। इस सनसनीखेज हत्याकांड में पुलिस ने मृतक की पत्नी, उसके तांत्रिक प्रेमी और तीन रिश्तेदारों को गिरफ्तार किया है। पुलिस की शुरुआती जांच में सामने आया है कि अवैध संबंध, अंधविश्वास और तांत्रिक क्रियाओं के चलते इस हत्या की साजिश रची गई थी।
मामला बागडोगरा थाना क्षेत्र के हंसखोआ चाय बागान का है। मंगलवार सुबह चाय बागान के नौ नंबर सेक्शन में एक व्यक्ति का सिर कटा शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई थी। सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू की। मृतक की पहचान इमाम के रूप में हुई, जो बिहार के किशनगंज जिले के पोठिया का रहने वाला था। पुलिस जांच में पता चला कि इमाम खुद तांत्रिक गतिविधियों से जुड़ा हुआ था।
शव मिलने के बाद पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच तेज कर दी। आसपास के लोगों से पूछताछ, मोबाइल रिकॉर्ड और अन्य सुरागों के आधार पर पुलिस को मृतक की पत्नी मोमिना बेगम और उसके एक करीबी व्यक्ति पर शक हुआ। जांच आगे बढ़ने पर पुलिस ने दावा किया कि हत्या की साजिश मोमिना बेगम ने अपने कथित प्रेमी सुदीप पाल के साथ मिलकर रची थी।
पुलिस के अनुसार, मोमिना बेगम भी तांत्रिक गतिविधियों में विश्वास रखती थी, जबकि सुदीप पाल भी तांत्रिक बताया जा रहा है। दोनों के बीच लंबे समय से संबंध होने की बात सामने आई है। पुलिस का कहना है कि इमाम इन दोनों के रिश्ते के बीच बाधा बन रहा था, जिसके चलते उसे रास्ते से हटाने की योजना बनाई गई।
जांच में पता चला कि हत्या की साजिश में मोमिना ने अपने तीन रिश्तेदारों को भी शामिल किया। योजना के तहत इमाम को सोमवार शाम सिलीगुड़ी बुलाया गया। रिश्तेदारों के बुलावे पर जब वह वहां पहुंचा तो आरोपियों ने उसे बागडोगरा इलाके में ले जाकर धारदार हथियार से हमला कर उसकी हत्या कर दी। इसके बाद आरोपियों ने उसका सिर धड़ से अलग कर दिया और शव को हंसखोआ चाय बागान में फेंक दिया।
पुलिस ने कार्रवाई करते हुए मृतक की पत्नी मोमिना बेगम, उसके कथित प्रेमी सुदीप पाल और तीन अन्य रिश्तेदारों को गिरफ्तार कर लिया। सभी आरोपियों को गुरुवार को सिलीगुड़ी महकमा अदालत में पेश किया गया, जहां अदालत ने उन्हें सात दिन की पुलिस रिमांड पर भेज दिया है। पुलिस अब आरोपियों से पूछताछ कर हत्या की पूरी साजिश और इसमें शामिल अन्य लोगों की जानकारी जुटा रही है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि हत्या के पीछे सिर्फ अवैध संबंध ही नहीं बल्कि तांत्रिक कर्मकांड का एंगल भी सामने आ रहा है। जांच एजेंसियों को आशंका है कि सिर काटने के पीछे किसी तांत्रिक अनुष्ठान का उद्देश्य हो सकता है। पुलिस इस दिशा में भी जांच कर रही है कि क्या मृतक के सिर का इस्तेमाल किसी तांत्रिक क्रिया में करने की योजना थी।
सिलीगुड़ी पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि मामले को काफी हद तक सुलझा लिया गया है। हालांकि अभी हत्या में इस्तेमाल हथियार और मृतक के सिर की तलाश जारी है। पुलिस आरोपियों से लगातार पूछताछ कर रही है, ताकि हत्या के पीछे की पूरी वजह और साजिश की विस्तृत जानकारी सामने आ सके।
इस घटना ने पूरे इलाके में दहशत का माहौल पैदा कर दिया है। स्थानीय लोगों का कहना है कि इतनी निर्मम हत्या से वे हैरान हैं। पुलिस ने लोगों को भरोसा दिलाया है कि मामले में सभी तथ्यों की जांच की जा रही है और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।





