- Home
- /
- राज्य
- /
- पश्चिम बंगाल
- /
- Hooghly: श्रीरामपुर...
Hooghly: श्रीरामपुर में मेडिकल कॉलेज स्थापना की कोशिश करेंगे: भास्कर भट्टाचार्य

हुगली: राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) के एक कार्यक्रम में शामिल होने पहुंचे श्रीरामपुर के विधायक भास्कर भट्टाचार्य ने रविवार को कहा कि वह श्रीरामपुर वॉल्श अस्पताल को केंद्र में रखकर एक मेडिकल कॉलेज स्थापित करना चाहते हैं। इसके साथ ही ऐतिहासिक श्रीरामपुर कॉलेज को विश्वविद्यालय का दर्जा दिलाने के लिए भी प्रयास किए जाएंगे।
हुगली जिले के रिषड़ा सेवक संघ में आयोजित कार्यक्रम के दौरान भट्टाचार्य ने कहा कि राज्य में अब “डबल इंजन” की सरकार है और उन्हें उम्मीद है कि शिक्षा और स्वास्थ्य के क्षेत्र में बड़े कदम जल्द उठाए जाएंगे।
उन्होंने कहा, “हम चाहते हैं कि श्रीरामपुर वॉल्श अस्पताल को विकसित कर यहां मेडिकल कॉलेज बनाया जाए। साथ ही ऐतिहासिक श्रीरामपुर कॉलेज को विश्वविद्यालय के रूप में स्थापित करने की दिशा में भी पहल की जाएगी।”
कार्यक्रम के दौरान हिन्दुस्थान समाचार द्वारा वर्ष 2023 में रिषड़ा में हुए सांप्रदायिक दंगों के मामलों को लेकर सवाल पूछे जाने पर विधायक ने कहा कि कई युवकों को कथित तौर पर झूठे मामलों में फंसाया गया था और वे आज भी परेशानियों का सामना कर रहे हैं।
भास्कर भट्टाचार्य ने कहा कि ऐसे युवकों की सूची मंगाई गई है और पूरे मामले की जांच कराई जाएगी। उन्होंने आश्वासन दिया कि किसी भी निर्दोष युवक को दंगों के “दाग” के साथ नहीं जीना पड़ेगा।
उन्होंने कहा, “यह सुनिश्चित किया जाएगा कि बेगुनाह युवकों को न्याय मिले और उन्हें झूठे मामलों से मुक्त
कराया जाए।”





