पश्चिम बंगाल

Hooghly: चुंचुड़ा नगरपालिका में पूर्व चेयरमैन के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन

Admindelhi1
21 July 2026 10:54 AM IST
Hooghly: चुंचुड़ा नगरपालिका में पूर्व चेयरमैन के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन
x

हुगली: चुंचुड़ा नगरपालिका में सोमवार को नए बोर्ड के गठन की बैठक से पहले भारी राजनीतिक तनाव देखने को मिला। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के कार्यकर्ताओं, समर्थकों और स्थानीय लोगों के एक वर्ग ने नगरपालिका के मुख्य द्वार पर विरोध प्रदर्शन करते हुए चोर हटाओ, नगरपालिका बचाओ के नारे लगाए। प्रदर्शनकारियों ने तृणमूल कांग्रेस पर भ्रष्टाचार और नागरिक सेवाएं देने में विफल रहने का आरोप लगाया।

सूत्रों के अनुसार, सोमवार को नगरपालिका के पूर्व चेयरमैन एवं तृणमूल पार्षद अमित राय जैसे ही बैठक में शामिल होने पहुंचे, प्रदर्शनकारियों ने उनके खिलाफ नारेबाजी की। आरोप है कि इस दौरान उनकी ओर अंडे भी फेंके गए और चोर-चोर के नारे लगाए गए। विरोध के बीच अमित राय बैठक में शामिल हुए बिना वापस लौट गए।

उल्लेखनीय है कि चुंचुड़ा नगरपालिका के चेयरमैन सौमित्र घोष, वाइस चेयरमैन पार्थ साहा सहित दो पार्षद पहले ही अपने पद से इस्तीफा दे चुके हैं। सोमवार को नए बोर्ड के गठन के लिए बैठक प्रस्तावित थी।

तृणमूल कांग्रेस ने आरोप लगाया कि भाजपा ने जानबूझकर नए बोर्ड के गठन की प्रक्रिया बाधित करने के उद्देश्य से नगरपालिका परिसर में विरोध प्रदर्शन किया।

वहीं, भाजपा कार्यकर्ताओं का कहना है कि तृणमूल के कार्यकाल में नगरपालिका में व्यापक भ्रष्टाचार हुआ है और इसलिए किसी भी तृणमूल पार्षद को अब नगरपालिका में प्रवेश नहीं करने दिया जाएगा। प्रदर्शनकारियों ने पारदर्शी और भ्रष्टाचार-मुक्त बोर्ड के गठन की मांग की।

गौरतलब है कि 2022 के नगरपालिका चुनाव में चुंचुड़ा नगरपालिका की 30 में से 29 सीटों पर तृणमूल कांग्रेस ने जीत दर्ज की थी, जबकि एक सीट माकपा के खाते में गई थी। उस समय अमित राय को चेयरमैन और पार्थ साहा को वाइस चेयरमैन बनाया गया था। बाद में लोकसभा चुनाव में तृणमूल की हार के बाद अमित राय की जगह सौमित्र घोष को चेयरमैन बनाया गया, लेकिन उन्होंने भी लगभग छह महीने बाद पद छोड़ दिया।

नगरपालिका परिसर में हुए इस विरोध प्रदर्शन को लेकर पूरे क्षेत्र में तनाव का माहौल बना रहा। पुलिस स्थिति पर नजर बनाए हुए है।

Next Story