पश्चिम बंगाल

Hooghly: आरामबाग में राजनीतिक हलचल, ग्रीन सिटी मामले में गिरफ्तारी से बढ़ा तनाव

Admindelhi1
13 Jun 2026 11:45 AM IST
Hooghly: आरामबाग में राजनीतिक हलचल, ग्रीन सिटी मामले में गिरफ्तारी से बढ़ा तनाव
x

हुगली: बहुचर्चित ग्रीन सिटी परियोजना से जुड़े मामले में आरामबाग नगरपालिका के पूर्व चेयरमैन तथा राज्य तृणमूल कांग्रेस के महासचिव स्वपन नंदी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। उनकी गिरफ्तारी के बाद आरामबाग के राजनीतिक गलियारों में हलचल तेज हो गई है।

पुलिस सूत्रों के अनुसार, आरामबाग नगरपालिका के वर्तमान चेयरमैन समीर भंडारी द्वारा दर्ज कराई गई शिकायत के आधार पर मामले की जांच शुरू की गई थी। इस मामले में कुछ दिन पहले ही एक ठेकेदार और एक इलेक्ट्रिक सुपरवाइजर को गिरफ्तार किया गया था। इसके बाद से ही मामले के प्रमुख आरोपितों की गिरफ्तारी की मांग जोर पकड़ने लगी थी।

जांच के दौरान पुलिस लगातार स्वपन नंदी की तलाश में विभिन्न स्थानों पर छापेमारी कर रही थी। आखिरकार उन्हें केरल से गिरफ्तार किया गया। पुलिस उन्हें पूछताछ के लिए हुगली ला रही है, जहां मामले से जुड़े विभिन्न पहलुओं पर उनसे पूछताछ की जाएगी।

उल्लेखनीय है कि ग्रीन सिटी परियोजना में कथित वित्तीय अनियमितताओं, सरकारी धन के दुरुपयोग तथा विभिन्न प्रशासनिक गड़बड़ियों के आरोपों को लेकर यह मामला दर्ज किया गया था। पुलिस का मानना है कि जांच आगे बढ़ने के साथ मामले से जुड़े और महत्वपूर्ण तथ्य सामने आ सकते हैं।

स्वपन नंदी की गिरफ्तारी के बाद राजनीतिक महकमे में नई चर्चाएं शुरू हो गई हैं।

Next Story