- Home
- /
- राज्य
- /
- पश्चिम बंगाल
- /
- Hooghly: महंगाई पर...
Hooghly: महंगाई पर निगरानी, बैंडेल बाजार में पुलिस ने चीनी-सब्जियों के दाम जांचे

हुगली: चीनी से लेकर प्याज और सब्जियों तक बढ़ती कीमतों के बीच चंदननगर पुलिस कमिश्नरेट की एनफोर्समेंट ब्रांच (ईबी) ने मंगलवार को बैंडेल बाजार समेत विभिन्न बाजारों में अभियान चलाया। अधिकारियों ने दुकानदारों और थोक विक्रेताओं से वस्तुओं की खरीद-बिक्री की कीमतों तथा स्टॉक की जानकारी ली। इस दौरान कथित कालाबाजारी और ग्राहकों से अधिक कीमत वसूलने की शिकायतों को लेकर भी जांच की गई।
ईबी के अधिकारियों ने चंदननगर के कई बाजारों के अलावा चुंचुड़ा के रवींद्रनगर बाजार, श्रीरामपुर के शेवड़ाफुली बाजार और बैंडेल बाजार में अभियान चलाया। किराना दुकानों में जाकर अधिकारियों ने जांच की कि चीनी किस कीमत पर बेची जा रही है और दुकानदारों के पास कितनी मात्रा में चीनी का स्टॉक मौजूद है। थोक में खरीदारी करने पर कितनी कीमत पड़ रही है और खुदरा बाजार में किस दर पर चीनी बेची जा रही है, इसकी जानकारी भी अधिकारियों ने ली। सभी जानकारियां अधिकारियों ने अपनी डायरी में दर्ज कीं।
इसके बाद टीम सब्जी बाजार पहुंची। अधिकारियों ने आढ़तदारों के गोदामों में जाकर आलू और प्याज समेत विभिन्न सब्जियों के स्टॉक की जांच की। साथ ही खुदरा बाजार में सब्जियों की मौजूदा कीमतों की भी जानकारी ली गई।
अभियान के दौरान अधिकारियों ने विक्रेताओं को स्पष्ट निर्देश दिया कि सामान खरीदने के बाद मनमाने तरीके से ऊंची कीमत पर बिक्री नहीं की जा सकती। किसी भी वस्तु का जरूरत से ज्यादा स्टॉक रखने की भी अनुमति नहीं है।
अधिकारियों ने चेतावनी दी कि किसी भी तरह की कालाबाजारी या ग्राहकों से अधिक कीमत वसूलने की शिकायत बर्दाश्त नहीं की जाएगी। जांच के दौरान किसी प्रकार की अनियमितता या कीमतों में गड़बड़ी पाए जाने पर संबंधित विक्रेताओं के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।





