पश्चिम बंगाल

Haridwar: रेस्क्यू ऑपरेशन सफल, बालक सकुशल बरामद

Admindelhi1
23 May 2026 5:42 PM IST
Haridwar: रेस्क्यू ऑपरेशन सफल, बालक सकुशल बरामद
x
बचाव अभियान के बाद बालक को सुरक्षित बाहर निकाला गया

हरिद्वार: पुलिस की सतर्कता और संवेदनशीलता से एक 14 वर्षीय बालक को सकुशल उसके परिवार से मिलाया गया। बाइक दिलाने की जिद को लेकर घर से नाराज होकर निकले बालक को एंटी ह्यूमन ट्रैफिकिंग यूनिट(एएचटीयू) टीम ने रेलवे स्टेशन हरिद्वार से बरामद किया और विधिक प्रक्रिया पूरी करने के बाद उसकी माता के सुपुर्द कर दिया।

जानकारी के अनुसार, वजीराबाद, नॉर्थ दिल्ली निवासी बालक 21 मई की रात बिना बताए घर से निकल गया था। परिजनों द्वारा काफी तलाश के बावजूद उसका कोई सुराग नहीं लग पाया। इसी दौरान एएचटीयू टीम को रेलवे स्टेशन हरिद्वार पर एक नाबालिग बालक संदिग्ध अवस्था में मिला। पूछताछ में उसकी पहचान हुई और परिजनों से संपर्क स्थापित किया गया।

बालक की माता ज्योति ने बताया कि करीब 10 वर्ष पूर्व सड़क दुर्घटना में उनके पति स्वर्गीय बलजीत सिंह की मृत्यु हो चुकी है। वह अकेले ही अपने पुत्र और तीन पुत्रियों का पालन-पोषण कर रही हैं। आर्थिक स्थिति दुर्बल होने के बावजूद वह बच्चों की पढ़ाई और भविष्य के लिए लगातार प्रयासरत हैं।

माता के अनुसार, बालक मोटरसाइकिल दिलाने की जिद कर रहा था। परिवार ने उसे समझाया था कि फिलहाल पढ़ाई पर ध्यान दे और 12वीं कक्षा के बाद मोटरसाइकिल दिलाई जाएगी। इसी बात से नाराज होकर वह घर छोड़कर चला गया।

एएचटीयू द्वारा बालक को बाल कल्याण समिति हरिद्वार के आदेशानुसार खुला आश्रय गृह कनखल से संरक्षण मुक्त कराकर उसकी माता के सुपुर्द किया गया।

अपने बेटे के सकुशल मिलने पर बालक की माता और बहनों ने हरिद्वार पुलिस की तत्परता, मानवीय कार्यशैली और संवेदनशीलता की सराहना करते हुए पुलिस प्रशासन का आभार व्यक्त किया।

Next Story