- Home
- /
- राज्य
- /
- पश्चिम बंगाल
- /
- पूर्व TMC विधायक अतिन...

WestBengal: तृणमूल कांग्रेस के पूर्व विधायक और कोलकाता के पूर्व उपमहापौर अतिन घोष एक बड़े विवाद में घिर गए हैं। उन पर उनकी बेटी और दामाद के साथ मिलकर करीब 4 करोड़ रुपये की संपत्ति हड़पने का आरोप लगा है। इस मामले में पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार, यह मामला पूर्वी कोलकाता के प्रगति मैदान इलाके की एक तीन मंजिला इमारत और उससे सटी जमीन से जुड़ा है। आरोप है कि इस संपत्ति पर करीब 9 साल तक जबरन कब्जा रखा गया। यह शिकायत बिधाननगर की महिला व्यवसायी कमलिनी पॉल ने दर्ज कराई है।
शिकायतकर्ता का आरोप है कि अतिन घोष, उनकी बेटी प्रियदर्शिनी घोष और दामाद ने उन्हें धमकाकर संपत्ति से जुड़े दस्तावेजों पर हस्ताक्षर करवा लिए। इसके बाद संपत्ति पर उनका कब्जा हो गया। कमलिनी पॉल का यह भी दावा है कि उन्हें डराने-धमकाने के बाद दस्तावेज उनसे छीन लिए गए और उन्हें कभी वापस नहीं किया गया।
महिला व्यवसायी ने यह भी आरोप लगाया कि उनके बैंक खाते में 50 लाख रुपये जमा कराए गए थे, जिसे बाद में ब्याज सहित वापस कर दिया गया। हालांकि बाद में इस लेन-देन को विवादित बताते हुए उनका खाता भी बंद करवा दिया गया।
पुलिस के अनुसार, इस मामले में धोखाधड़ी, आपराधिक धमकी, साजिश और जमीन हड़पने जैसी गंभीर धाराओं में केस दर्ज किया गया है। शुरुआती शिकायत प्रगति मैदान थाने में दी गई थी, जिसे बाद में बिधाननगर उत्तर थाना क्षेत्र में स्थानांतरित कर दिया गया क्योंकि संपत्ति उसी क्षेत्र में आती है।
पुलिस ने बताया कि शिकायत में दिए गए दस्तावेजों की जांच की जा रही है और सभी पक्षों के बयान दर्ज किए जाएंगे। अतिन घोष को जांच में शामिल होने के लिए नोटिस भेजा गया है।
वहीं, अतिन घोष और उनकी बेटी ने सभी आरोपों को पूरी तरह गलत बताया है। उनकी बेटी ने कहा है कि वह इन आरोपों को लेकर मानहानि का मुकदमा दायर करेंगी। अतिन घोष ने भी कहा कि वह महिला को नहीं जानते और उनके खिलाफ लगाए गए आरोप बेबुनियाद हैं। उन्होंने दावा किया कि उनका पूरा जीवन साफ-सुथरा रहा है और वह जांच में सहयोग करेंगे।
फिलहाल पुलिस पूरे मामले की गहराई से जांच कर रही है और दस्तावेजी सबूतों की पड़ताल की जा रही है। यह मामला राजनीतिक और कानूनी दोनों ही स्तर पर चर्चा का विषय बन गया है।





