पश्चिम बंगाल

रेलकर्मियों की सुरक्षा के लिए खड़गपुर मंडल में अग्निशमन प्रशिक्षण

Admindelhi1
13 Oct 2026 4:42 PM IST
रेलकर्मियों की सुरक्षा के लिए खड़गपुर मंडल में अग्निशमन प्रशिक्षण
x
खड़गपुर रेल मंडल में रेलकर्मियों को अग्नि सुरक्षा के प्रति किया जागरूक

खड़गपुर: दक्षिण पूर्व रेलवे के खड़गपुर मंडल में अग्नि सुरक्षा और आपातकालीन परिस्थितियों से निपटने की तैयारी को मजबूत करने के उद्देश्य से चलाया गया अग्निशमन एवं अग्नि सुरक्षा प्रशिक्षण कार्यक्रम सोमवार को संपन्न हो गया। रेलवे के आरपीएफ जोनल प्रशिक्षण संस्थान (जेडटीआई), खड़गपुर में आयोजित अंतिम प्रशिक्षण सत्र के साथ ही 10 चरणों में संचालित इस कार्यक्रम का समापन हुआ। इसके तहत कुल एक हजार दो सौ एकतालिश रेलकर्मियों को प्रशिक्षित किया गया, जिनमें 261 संविदाकर्मी शामिल हैं।

यह प्रशिक्षण कार्यक्रम पश्चिम मेदिनीपुर स्थित पश्चिम बंगाल अग्निशमन सेवा के मंडलीय अग्निशमन अधिकारी के कार्यालय के विशेषज्ञों के सहयोग से आयोजित किया गया। इसमें खड़गपुर मंडल कार्यालय में तैनात रेलवे कर्मचारियों, संविदाकर्मियों, आउटसोर्स कर्मचारियों और दक्षिण पूर्व रेलवे की सेंट जॉन एम्बुलेंस ब्रिगेड के सदस्यों ने भाग लिया।

10 अगस्त से 12 अक्टूबर 2026 तक प्रत्येक सोमवार को आयोजित इस कार्यक्रम में खड़गपुर अग्निशमन केंद्र के विशेषज्ञों ने आग लगने के विभिन्न कारणों, बचाव के उपायों और आग बुझाने की तकनीकों की जानकारी दी। प्रशिक्षण के दौरान प्रतिभागियों को आग के विभिन्न प्रकारों की पहचान, प्राथमिक अग्नि सुरक्षा उपायों, अग्निशामक यंत्रों के चयन और सुरक्षित उपयोग तथा आग लगने की शुरुआती घटनाओं से निपटने के तरीकों के बारे में व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया गया।

खड़गपुर मंडल के अधिकारियों के अनुसार, इस कार्यक्रम का उद्देश्य रेलवे परिसरों और रेल संपत्तियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के साथ यात्रियों तथा कर्मचारियों की जान-माल की रक्षा करना है।

Next Story