- Home
- /
- राज्य
- /
- पश्चिम बंगाल
- /
- अभिषेक बनर्जी के पीए...

पश्चिम बंगाल: पश्चिम बंगाल में सरकारी नौकरी के नाम पर लाखों रुपये की ठगी के एक बड़े मामले में तृणमूल कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव अभिषेक बनर्जी के निजी सहायक (PA) सुमित रॉय पर एफआईआर दर्ज की गई है। इस मामले में CID ने उनके खिलाफ लुकआउट सर्कुलर जारी कर दिया है, जबकि पुलिस ने कालीघाट स्थित आवास पर छापेमारी की।
मामला मेदिनीपुर के पूर्व विधायक सुजय हाजरा से पूछताछ के बाद और गंभीर हुआ, जिसके बाद डेबरा थाने में सुमित रॉय के खिलाफ धोखाधड़ी और जालसाजी की प्राथमिकी दर्ज की गई। शिकायत डेबरा निवासी प्रसेनजीत रॉय ने दर्ज कराई है।
शिकायत के अनुसार, आरोपियों ने 12 अलग-अलग सरकारी पदों पर नौकरी दिलाने के नाम पर प्रति उम्मीदवार साढ़े तीन लाख रुपये की मांग की थी। पीड़ितों को पहले एक होटल में “आशिक” नाम के व्यक्ति से मिलवाया गया, जिसे राज्य सचिवालय नबान्न का कर्मचारी बताया गया। इसके बाद उम्मीदवारों को विकास भवन और खाद्य भवन ले जाकर कथित मेडिकल टेस्ट भी कराया गया। आरोप है कि बाद में पीड़ितों से यह कहकर और पैसे मांगे गए कि यह रकम सीधे सुमित रॉय तक पहुंचाई जाएगी, जो अभिषेक बनर्जी के पीए हैं। उन्हें असली नियुक्ति पत्र की जगह रंगीन जेरॉक्स कॉपी दी गई और विरोध करने पर धमकी भी दी गई।
जांच में सामने आया कि सुमित रॉय का आखिरी मोबाइल लोकेशन कालीघाट स्थित आवास के आसपास पाया गया। इसके बाद पुलिस ने केंद्रीय बलों के साथ वहां छापेमारी की, लेकिन ताला तोड़कर घर में प्रवेश करने के बावजूद वह नहीं मिला। पुलिस ने उनकी हुगली स्थित ससुराल में भी तलाशी ली, जहां से भी वह फरार पाया गया। CID ने मामले को गंभीर मानते हुए लुकआउट नोटिस जारी कर दिया है और जांच तेज कर दी गई है।





