पश्चिम बंगाल

मवेशी तस्करी मामला में ईडी ने अनुब्रत, सुकन्या मंडल की संपत्तियां की कुर्क

Ashwandewangan
24 May 2023 5:41 PM IST
मवेशी तस्करी मामला में ईडी ने अनुब्रत, सुकन्या मंडल की संपत्तियां की कुर्क
x

कोलकाता। पश्चिम बंगाल में करोड़ों रुपये के मवेशी तस्करी के कथित मामले की जांच के तहत ईडी ने टीएमसी नेता अनुब्रत मंडल और उनकी बेटी सुकन्या मंडल के कई बैंक खातों को सीज कर दिया और संपत्तियां कुर्क की हैं। सूत्रों ने बुधवार को बताया कि कुल 25 बैंक खातों को सीज कर दिया गया है और 11 करोड़ रुपये की संपत्ति कुर्क की गई है। कुर्क की गई संपत्तियों में से कुछ अनुब्रत मंडल के नाम पर थीं, जबकि अन्य उनकी स्वर्गीय पत्नी चोबी मंडल और बेटी सुकन्या मंडल के नाम पर थीं। पिता और बेटी फिलहाल तिहाड़ जेल में न्यायिक हिरासत में हैं।

ईडी ने जिन 25 बैंक खातों को सीज किया है उनमें मंडल और उनके परिवार के सदस्यों के व्यक्तिगत बैंक खाते, एएनएम एग्रोकेम फूड्स प्राइवेट लिमिटेड और नीर डेवलपर प्राइवेट लिमिटेड जैसी कंपनियां शामिल हैं, जिनमें सुकन्या मंडल निदेशक थीं। यह दूसरी बार है जब ईडी ने मंडल और उनके परिवार के सदस्यों के बैंक खाते सीज किए और संपत्तियों को कुर्क किया है। पहले चरण में केंद्रीय एजेंसी के अधिकारियों ने 17 करोड़ रुपये की संपत्ति कुर्क की थी। इस तरह ईडी ने दो चरणों में कुल मिलाकर 28 करोड़ रुपये की संपत्ति कुर्क की है।

हालांकि, एक बात जो ईडी के अधिकारियों को परेशान कर रही है, वह यह कि संपत्तियों की कुर्की और फंड की आपूर्ति को अवरुद्ध करने के बावजूद, कानूनी खर्चे के लिए फंड कहां से आ रहा है। ईडी के अधिकारी फंड सप्लाई के उन माध्यमों की पहचान करने की कोशिश कर रहे हैं।

Ashwandewangan

Ashwandewangan

प्रकाश सिंह पिछले 3 सालों से पत्रकारिता में हैं। साल 2019 में उन्होंने मीडिया जगत में कदम रखा। फिलहाल, प्रकाश जनता से रिश्ता वेब साइट में बतौर content writer काम कर रहे हैं। उन्होंने श्री राम स्वरूप मेमोरियल यूनिवर्सिटी लखनऊ से हिंदी पत्रकारिता में मास्टर्स किया है। प्रकाश खेल के अलावा राजनीति और मनोरंजन की खबर लिखते हैं।

    Next Story