- Home
- /
- राज्य
- /
- पश्चिम बंगाल
- /
- East Medinipur:...
East Medinipur: हल्दिया में बारिश से गंभीर स्थिति, प्रशासन ने स्कूल बंद करने का लिया फैसला

पूर्व मेदिनीपुर: पूर्व मेदिनीपुर जिले में लगातार हो रही भारी बारिश से जनजीवन बुरी तरह प्रभावित हुआ है। जिले में प्राथमिक से लेकर उच्च माध्यमिक स्तर तक सभी विद्यालयों को मंगलवार को बंद रखने का निर्देश दिया गया है। जिला प्रशासन के अनुसार, लगातार बारिश के कारण कई विद्यालय परिसरों में पानी भर गया है और विद्यार्थियों के आवागमन में भी परेशानी की स्थिति बनी हुई है।
जिले में सबसे गंभीर स्थिति औद्योगिक शहर हल्दिया की बताई जा रही है। रविवार शाम से सोमवार तक हुई लगातार भारी बारिश के कारण हल्दिया नगरपालिका के सभी 29 वार्डों के अलावा सुताहाटा प्रखंड की सभी ग्राम पंचायतों, हल्दिया प्रखंड की कई ग्राम पंचायतों और महिषादल प्रखंड के कई इलाके जलमग्न हो गए हैं। अनेक स्थानों पर घरों में पानी घुस जाने से स्थानीय लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
हल्दिया नगरपालिका के निवेदिता कॉलोनी, आजाद हिंद नगर और हल्दिया टाउनशिप सहित कई इलाकों में कमर तक पानी जमा हो गया है। वहीं हल्दिया प्रखंड के देउलपोटा और देवोग, चकद्वीपा ग्राम पंचायत के शिवरामनगर, चाउलखोला, बड़बाड़ी, मनोहरपुर और बाड़बाजितपुर, डालिमचक, गोरानखाली, चकलालपुर, लालपुर तथा बाड़बासुदेवपुर सहित कई क्षेत्रों में भी पानी भर गया है।
देउलपोटा ग्राम पंचायत क्षेत्र में मिट्टी का घर ढहने से शेख नुरुल इस्लाम (62) की मौत हो गई। इस घटना में तीन लोग घायल हुए हैं।
इधर, सोमवार को राज्य के नगर विकास मंत्री अग्निमित्र पाल ने औद्योगिक शहर हल्दिया के जलमग्न इलाकों का निरीक्षण किया और प्रशासनिक बैठक की। उन्होंने सबसे पहले हल्दिया भवन में जिले के प्रशासनिक अधिकारियों तथा हल्दिया की औद्योगिक इकाइयों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक की। बैठक में जिलाधिकारी निरंजन कुमार, पुलिस अधीक्षक अंशुमान साहा, हल्दिया के अनुमंडलाधिकारी सुरभि सिंगला सहित हल्दिया विकास प्राधिकरण और विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।
भारी बारिश के कारण जिले के अनेक इलाकों में जलभराव की स्थिति बनी हुई है। ऐसी परिस्थिति में विद्यार्थियों के लिए विद्यालय आना-जाना कठिन हो सकता है। साथ ही विद्यालय परिसरों में पानी भरने के कारण सामान्य पठन-पाठन भी प्रभावित होने की आशंका है। इसी को देखते हुए पूर्व मेदिनीपुर जिले के करीब तीन हजार प्राथमिक विद्यालयों और 950 उच्च माध्यमिक विद्यालयों को मंगलवार तक बंद रखने का निर्देश दिया गया है।
प्रशासन की ओर से जलभराव वाले इलाकों की स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है। भारी बारिश के कारण सड़क और आवागमन व्यवस्था भी प्रभावित हुई है। जिले के विभिन्न हिस्सों में जलनिकासी और राहत व्यवस्था को लेकर प्रशासनिक स्तर पर निगरानी बढ़ाई गई है।
इसी बीच मंगलवार को मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी के पूर्व मेदिनीपुर के हल्दिया स्थित जलमग्न इलाकों का दौरा करने की संभावना की खबर सामने आई है। हालांकि, मुख्यमंत्री के दौरे का अंतिम कार्यक्रम प्रशासनिक स्तर पर तय होने के बाद ही स्पष्ट होगा।





