- Home
- /
- राज्य
- /
- पश्चिम बंगाल
- /
- East Burdwan: सड़क...
East Burdwan: सड़क हादसे में महिला मृत, पति पर कानूनी कार्रवाई

पूर्व बर्दवान: पूर्व बर्दवान जिले के मेमारी थानांतर्गत गंतार-1 क्षेत्र के घोष गांव में शुक्रवार रात डॉक्टर के यहां से लौट रहे एक दंपती की कार अचानक सड़क किनारे एक तालाब में जा गिरी। हादसे में पत्नी की मौत हो गई, जबकि पति को जीवित बचा लिया गया।
मृत महिला की पहचान आसमतारा खातून के रूप में हुई है। उनका पैतृक घर ताहेरपुर में और ससुराल हटबाकशा गांव में है। पति मुकुल शेख को स्थानीय लोगों ने जिंदा बाहर निकाल लिया, जब आसमतारा को तालाब से निकाला गया, तब तक बहुत देर हो चुकी थी। मेमारी अस्पताल ले जाने पर डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
परिवार के सदस्यों ने बताया कि शुक्रवार को दोनों बर्दवान में डॉक्टर को दिखाने गए थे। वहां से लौटते वक्त जब वे गांव के पास पहुंचे, तभी कार अचानक नियंत्रण खो बैठी और तालाब में जा गिरी।
हालांकि, मृत महिला के परिवार वालों ने शनिवार को आरोप लगाया कि यह महज एक सड़क हादसा नहीं, बल्कि साजिशन की गई हत्या है। परिजनों का दावा है कि मुकुल शेख का किसी अन्य महिला से अवैध संबंध था, जिसकी जानकारी आसमतारा को थी। इसी वजह से उसे रास्ते से हटाने की योजना बनाई गई।
मृत महिला की मां ने कहा, “मेरे दामाद ने कहा था कि वो मेरी बेटी को डॉक्टर के पास ले जा रहा है। जब वो मेमारी के पास थे, मैंने फोन किया था। सब कुछ ठीक था। कुछ देर बाद ही यह खबर मिली।”
घटना को लेकर पूरे गांव में हड़कंप मच गया है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और मफिजुल शेख नामक एक व्यक्ति को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।
पुलिस अब यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि यह हादसा वास्तव में दुर्घटना थी या फिर योजनाबद्ध हत्या।





