पश्चिम बंगाल

बांग्लादेशियों के लिए भारत यात्रा आसान

Saba Naaz
26 Jun 2026 4:28 PM IST
बांग्लादेशियों के लिए भारत यात्रा आसान
x

पश्चिम बंगाल: भारत और बांग्लादेश के बीच लंबे समय से बंद पड़ी पर्यटक वीजा सेवा एक बार फिर शुरू होने जा रही है। बांग्लादेश में भारत के राजदूत दिनेश त्रिवेदी ने ढाका में आयोजित एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में इसकी घोषणा की। उन्होंने बताया कि रविवार, 28 जून से बांग्लादेशी नागरिकों के लिए भारत का पर्यटक वीजा फिर से उपलब्ध होगा और वे इसके लिए आवेदन कर सकेंगे। दिनेश त्रिवेदी ने इस घोषणा से पहले बांग्लादेश के राष्ट्रपति मोहम्मद शहाबुद्दीन से शिष्टाचार मुलाकात भी की। इसके बाद उन्होंने ढाका स्थित भारतीय वीजा केंद्र में मीडिया को संबोधित करते हुए कहा कि यह कदम दोनों देशों के बीच संबंधों को सामान्य बनाने और आपसी सहयोग को मजबूत करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है।

जानकारी के अनुसार, वर्ष 2024 में राजनीतिक परिस्थितियों में बदलाव के बाद भारत ने बांग्लादेशी नागरिकों के लिए पर्यटक वीजा जारी करना बंद कर दिया था। उस समय केवल चिकित्सा और व्यापार वीजा की सुविधा जारी रखी गई थी। अब करीब दो साल बाद भारत ने फिर से पर्यटक वीजा सेवा शुरू करने का निर्णय लिया है, जिससे दोनों देशों के बीच आवागमन और संपर्क बढ़ने की उम्मीद है। राजदूत ने बताया कि बांग्लादेशी नागरिक ढाका, राजशाही, चटगांव और खुलना स्थित भारतीय वीजा केंद्रों के माध्यम से पर्यटक वीजा के लिए आवेदन कर सकते हैं। उन्होंने यह भी कहा कि बेनापोल सीमा से जुड़े मुद्दों के समाधान और यात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए यह फैसला लिया गया है।

दिनेश त्रिवेदी को अप्रैल में बांग्लादेश में भारत का उच्चायुक्त नियुक्त किया गया था। वे इस पद पर नियुक्त होने वाले पहले राजनेता हैं। इससे पहले यह जिम्मेदारी राजनयिक प्रणॉय वर्मा संभाल रहे थे। इस फैसले को भारत-बांग्लादेश संबंधों में एक सकारात्मक संकेत के रूप में देखा जा रहा है, जिससे आने वाले समय में दोनों देशों के बीच पर्यटन और सांस्कृतिक आदान-प्रदान में बढ़ोतरी होने की संभावना है।

Next Story