- Home
- /
- राज्य
- /
- पश्चिम बंगाल
- /
- Durgapur: गूगल मैप के...
Durgapur: गूगल मैप के बताए रास्ते पर बाइक समेत गड्ढे में गिरे युवक

दुर्गापुर : गूगल मैप में दिखाए गए रास्ते पर भरोसा कर बाइक से जा रहे एक युवक के साथ बड़ा हादसा हो गया। रास्ते में मौजूद खतरे का अंदाजा नहीं होने के कारण युवक बाइक समेत परित्यक्त खदान के गहरे गड्ढे में जा गिरा। हादसे में वह गंभीर रूप से घायल हो गया। काफी देर बाद पुलिस ने उसे खदान क्षेत्र से बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया।
घटना पश्चिम बर्दवान के पांडवेश्वर इलाके के भाटमूड़ा महालक्ष्मी क्षेत्र की है। घायल युवक की पहचान प्रसून बंद्योपाध्याय के रूप में हुई है। वह पेशे से केबल ऑपरेटर हैं और कांकसा के बनकाटी ग्राम पंचायत के डांगाल इलाके के रहने वाले हैं।
जानकारी के मुताबिक, शुक्रवार रात प्रसून बाइक से कहीं जा रहे थे। रास्ते की जानकारी के लिए उन्होंने मोबाइल में गूगल मैप चालू कर रखा था और मैप में दिखाए गए रास्ते पर ही बाइक चला रहे थे। इसी दौरान वह पांडवेश्वर के भाटमूड़ा महालक्ष्मी इलाके में पहुंच गए। उन्हें अंदाजा नहीं था कि यह रास्ता परित्यक्त खदान क्षेत्र से होकर गुजरता है।
रास्ते का एक बड़ा हिस्सा टूट चुका था और वहां गहरा गड्ढा बना हुआ था। अंधेरे में प्रसून को इसका पता नहीं चला और बाइक समेत वह गड्ढे में जा गिरे। हादसे में वह गंभीर रूप से घायल हो गए। रातभर उनका कोई पता नहीं चलने पर परिवार के लोगों ने पुलिस से संपर्क किया।
पुलिस ने मोबाइल लोकेशन के आधार पर उनकी तलाश शुरू की। लोकेशन खदान क्षेत्र में मिलने के बाद पांडवेश्वर थाने की पुलिस मौके पर पहुंची।
शनिवार सुबह खदान के गड्ढे में बाइक पड़ी मिली, जबकि कुछ दूरी पर प्रसून घायल अवस्था में मिले। उन्हें बाहर निकालकर तत्काल दुर्गापुर के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज चल रहा है।
बताया जा रहा है कि जिस रास्ते पर यह हादसा हुआ, वह लंबे समय से बंद है। ऐसे में बंद रास्ते पर युवक कैसे पहुंचा और क्या वह पूरी तरह गूगल मैप के निर्देश पर वहां गया था, इन तमाम सवालों की जांच पुलिस कर रही है।





