पश्चिम बंगाल

डॉ श्यामा प्रसाद मुखर्जी की प्रतिमा पर तोड़फोड़

Saba Naaz
5 July 2026 5:16 PM IST
डॉ श्यामा प्रसाद मुखर्जी की प्रतिमा पर तोड़फोड़
x

पश्चिम बंगाल: केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के कोलकाता दौरे से ठीक पहले पश्चिम बंगाल की राजधानी में राजनीतिक तनाव बढ़ गया है। डॉ श्यामा प्रसाद मुखर्जी की जयंती से पहले उत्तर कोलकाता के सुकिया स्ट्रीट इलाके में प्रस्तावित प्रतिमा के चबूतरे पर तोड़फोड़ की घटना सामने आई है। इस घटना के बाद भाजपा और तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) के बीच आरोप-प्रत्यारोप तेज हो गए हैं। जानकारी के अनुसार, सुकिया स्ट्रीट स्थित राममोहन लाइब्रेरी के सामने बनने वाले स्मारक स्थल पर देर रात अज्ञात लोगों ने भारी तोड़फोड़ की। भाजपा युवा मोर्चा द्वारा तैयार कराए गए इस स्थल पर नामपट्ट और संगमरमर के हिस्से को सब्बल और फावड़े जैसे औजारों से क्षतिग्रस्त कर दिया गया। बताया जा रहा है कि शनिवार देर रात तक मजदूरों ने काम पूरा किया था, लेकिन इसके बाद करीब डेढ़ बजे यह घटना हुई।

घटना के बाद इलाके में तनाव फैल गया है। भाजपा ने इसे सुनियोजित साजिश बताते हुए टीएमसी पर गंभीर आरोप लगाए हैं। वहीं, भाजपा युवा मोर्चा ने अम्हर्स्ट स्ट्रीट थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। हालांकि, पुलिस की ओर से अभी तक किसी राजनीतिक दल की संलिप्तता की आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है। घटना को लेकर स्थानीय स्तर पर आक्रोश भी देखा जा रहा है।

इधर, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह सोमवार को कोलकाता दौरे पर आ रहे हैं। अपने कार्यक्रम के तहत वह डॉ श्यामा प्रसाद मुखर्जी के पैतृक आवास पर श्रद्धांजलि देंगे और इको पार्क में प्रस्तावित 125 फीट ऊंची प्रतिमा की आधारशिला रखेंगे। इसके बाद वह विश्व बांग्ला मेला प्रांगण में एक कार्यक्रम में शामिल होंगे और शाम को दिल्ली रवाना हो जाएंगे। मौसम विभाग ने भी चेतावनी जारी की है कि अमित शाह के दौरे के दौरान कोलकाता और दक्षिण बंगाल के कई हिस्सों में भारी बारिश हो सकती है। पश्चिम मेदिनीपुर, झारग्राम और पुरुलिया जिलों में तेज बारिश का अलर्ट जारी किया गया है, जिससे कार्यक्रमों पर असर पड़ने की आशंका जताई जा रही है।

इस पूरे घटनाक्रम के बाद कोलकाता में राजनीतिक माहौल और अधिक गरमा गया है और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी सतर्कता बढ़ा दी गई है।

Next Story