पश्चिम बंगाल

संविधान दिवस पर 42वें संशोधन की दोबारा चर्चा की मांग

Admindelhi1
27 Nov 2026 2:05 PM IST
संविधान दिवस पर 42वें संशोधन की दोबारा चर्चा की मांग
x
संविधान की प्रस्तावना में बदलाव पर भास्कर भट्टाचार्य का बयान

हुगली: संविधान दिवस के अवसर पर पश्चिम बंगाल के पीएचई एवं श्रम विभाग के राज्य मंत्री भास्कर भट्टाचार्य ने संविधान के 42वें संशोधन पर सवाल उठाते हुए इस विषय पर दोबारा चर्चा की आवश्यकता बताई। गुरुवार को श्रीरामपुर टाउन हॉल में आयोजित कार्यक्रम में उन्होंने आपातकाल के दौरान संविधान की प्रस्तावना में ‘सोशलिस्ट’ और ‘सेकुलर’ शब्द शामिल किए जाने की प्रक्रिया की आलोचना की।

भट्टाचार्य ने दावा किया कि संविधान निर्माण के दौरान भी इन दोनों शब्दों को प्रस्तावना में शामिल करने पर विचार हुआ था, लेकिन संविधान निर्माताओं ने इन्हें जोड़ना आवश्यक नहीं समझा था।

उन्होंने कहा कि संविधान संशोधन जैसी महत्वपूर्ण प्रक्रिया में सत्ता पक्ष और विपक्ष की समान रूप से महत्वपूर्ण भूमिका होती है। आपातकाल के दौरान विपक्ष के कई नेता जेलों में बंद थे, जिससे संसद में विरोध की प्रभावी आवाज मौजूद नहीं थी।

मंत्री ने आरोप लगाया कि ऐसी परिस्थितियों में पर्याप्त चर्चा के बिना 42वें संविधान संशोधन के माध्यम से दोनों शब्द प्रस्तावना में शामिल किए गए। उन्होंने इस प्रक्रिया को संविधान के साथ हुई एक नारकीय घटना करार दिया।

भट्टाचार्य ने कहा कि कानून के विद्यार्थी के रूप में उनका मानना है कि 42वें संविधान संशोधन को लेकर एक बार फिर चर्चा होनी चाहिए।

कार्यक्रम में श्रीरामपुर सांगठनिक जिला भाजपा अध्यक्ष शशि सिंह, श्रीरामपुर थाना प्रभारी बापी राय, रिषड़ा थाना प्रभारी परमेश्वर प्रमाणिक, विधानचंद्र कॉलेज के प्राचार्य डॉ. रमेश कर और डॉ. कल्याण आशीष सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

Next Story