- Home
- /
- राज्य
- /
- पश्चिम बंगाल
- /
- संविधान दिवस पर...

कोलकाता: हाथ में भगवद्गीता, दूसरे हाथ में भारतीय संविधान और श्रीकृष्ण का वेश। संविधान दिवस के अवसर पर गुरुवार को कोलकाता के बऊबाजार में कांग्रेस के विरोध कार्यक्रम का यह अनोखा दृश्य देखने को मिला। प्रदर्शन के दौरान राहगीरों को संविधान की प्रतियां वितरित करते हुए लोकतांत्रिक मूल्यों और संवैधानिक अधिकारों की रक्षा का संदेश दिया गया।
कांग्रेस के आईएनटीयूसी सेवादल और महिला कांग्रेस की ओर से बऊबाजार स्थित लेडी विक्टोरिया डफरिन अस्पताल के सामने बैंक ऑफ इंडिया के निकट कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसमें वार्ड संख्या 60 की ब्लॉक कांग्रेस सहित विभिन्न संगठनों के कार्यकर्ताओं ने भाग लिया।
प्रदर्शन के दौरान श्रीकृष्ण के वेश में मौजूद व्यक्ति ने भगवद्गीता और भारतीय संविधान के माध्यम से धर्म, न्याय और लोकतंत्र का संदेश दिया। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने संविधान की प्रतियों के साथ प्रचार पत्रक भी वितरित किए।
आयोजकों ने पश्चिम बंगाल में भाजपा के राजनीतिक उभार की आलोचना करते हुए इसे 'अधर्म का उदय' करार दिया। उन्होंने नागरिकों से न्याय और संवैधानिक मूल्यों की रक्षा के लिए आगे आने का आह्वान किया।
आईएनटीयूसी सेवादल के पश्चिम बंगाल अध्यक्ष प्रमोद पांडेय ने भाजपा पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि पार्टी शुरू से ही संविधान का विरोध करती रही है।
उल्लेखनीय है कि 26 नवंबर 1949 को भारतीय संविधान अंगीकृत किया गया था। इसी ऐतिहासिक अवसर की स्मृति में प्रत्येक वर्ष संविधान दिवस मनाया जाता है। कांग्रेस ने इस मौके पर प्रतीकात्मक प्रदर्शन के माध्यम से लोगों को उनके संवैधानिक अधिकारों के प्रति जागरूक करने का प्रयास किया।





