पश्चिम बंगाल

नदिया में कार रोककर हमला कांग्रेस नेता अनीसुर रहमान की मौत

nidhi
16 Aug 2026 11:13 AM IST
नदिया में कार रोककर हमला कांग्रेस नेता अनीसुर रहमान की मौत
x
बंगाल में कांग्रेस नेता अनीसुर रहमान और बेटे की हत्या कार घेरकर हमला
नदिया: पश्चिम बंगाल के नदिया जिले में कांग्रेस नेता अनीसुर रहमान और उनके बेटे की हत्या का सनसनीखेज मामला सामने आया है। आरोप है कि बदमाशों ने उनकी कार को घेरकर हमला किया, जिसमें दोनों की मौत हो गई। घटना के बाद इलाके में तनाव का माहौल है।
जानकारी के अनुसार, अनीसुर रहमान अपने बेटे अबू सुफियान के साथ कार से घर लौट रहे थे। इसी दौरान कुछ हमलावरों ने उनकी गाड़ी को रोक लिया और गोलीबारी के साथ धारदार हथियारों से हमला कर दिया। हमले में पिता-पुत्र गंभीर रूप से घायल हो गए, जिसके बाद उनकी मौत हो गई।
अनीसुर रहमान कांग्रेस के सक्रिय नेता थे। वह प्रदेश कांग्रेस कमेटी के सदस्य और नदिया जिला कांग्रेस कमेटी के महासचिव के पद पर भी रह चुके थे। उनकी हत्या के बाद कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं ने घटना की कड़ी निंदा की है।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। पुलिस हमलावरों की पहचान करने और हत्या के पीछे की वजह का पता लगाने में जुटी है। अभी तक हमले के कारणों को लेकर स्पष्ट जानकारी सामने नहीं आई है।
स्थानीय लोगों के अनुसार, हमला काफी सुनियोजित तरीके से किया गया। बदमाशों ने पहले कार को रोका और इसके बाद वारदात को अंजाम दिया। घटना के बाद इलाके में सुरक्षा बढ़ा दी गई है।
कांग्रेस ने इस हत्या को लेकर राज्य की कानून व्यवस्था पर सवाल उठाए हैं। पार्टी नेताओं का कहना है कि विपक्षी नेताओं की सुरक्षा को लेकर गंभीर चिंता का विषय है। वहीं पुलिस का कहना है कि मामले की हर एंगल से जांच की जा रही है।
पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच की जा रही है। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीमों को सक्रिय किया गया है।
इस दोहरे हत्याकांड के बाद नदिया जिले में राजनीतिक माहौल गरमा गया है। पुलिस जल्द से जल्द आरोपियों तक पहुंचने की कोशिश कर रही है।
Next Story