- Home
- /
- राज्य
- /
- पश्चिम बंगाल
- /
- पश्चिम बंगाल में बढ़ने...
पश्चिम बंगाल में बढ़ने लगी ठंड, अगले पांच दिन मौसम रहेगा शुष्क

कोलकाता: नवंबर के अंतिम सप्ताह में पश्चिम बंगाल का मौसम धीरे-धीरे सर्द होता जा रहा है। सुबह और रात के समय ठंड का असर बढ़ने लगा है, जबकि दिन में खिलती धूप से लोगों को राहत मिल रही है। मौसम विभाग ने शुक्रवार को राज्य के अधिकांश हिस्सों में मौसम शुष्क रहने की संभावना जताई है।
अलीपुर स्थित क्षेत्रीय मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार, आगामी पांच दिनों तक पश्चिम बंगाल में मौसम संबंधी कोई चेतावनी जारी नहीं की गई है। इस दौरान राज्य के किसी भी जिले में बारिश की संभावना नहीं जताई गई है।
राजधानी कोलकाता में शुक्रवार को आसमान मुख्य रूप से साफ रहने का अनुमान है। शहर का अधिकतम तापमान 26 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 17 डिग्री सेल्सियस के आसपास रह सकता है।
दक्षिण बंगाल के हावड़ा, हुगली, नदिया, मुर्शिदाबाद, पूर्व एवं पश्चिम बर्दवान, बीरभूम, बांकुड़ा, पुरुलिया, झाड़ग्राम तथा पूर्व और पश्चिम मेदिनीपुर जिलों में शुष्क मौसम बना रहेगा। पश्चिमांचल के जिलों में सुबह और रात के दौरान अपेक्षाकृत अधिक ठंड महसूस होने की संभावना है।
तटीय क्षेत्रों में भी फिलहाल बारिश के आसार नहीं हैं। वहीं, उत्तर बंगाल के दार्जिलिंग, कलिम्पोंग, जलपाईगुड़ी, अलीपुरद्वार, कूचबिहार, मालदा और उत्तर एवं दक्षिण दिनाजपुर जिलों में मौसम साफ रहने का अनुमान है।
उत्तर बंगाल के पहाड़ी इलाकों में सर्दी का प्रभाव अधिक महसूस होगा। मैदानी क्षेत्रों में सुबह के समय कुछ स्थानों पर हल्की धुंध छा सकती है।
मौसम विभाग के मुताबिक, शनिवार 28 नवंबर को भी कोलकाता में आसमान मुख्य रूप से साफ रहेगा। आगामी दिनों में सुबह के समय हल्के कोहरे और धुंध की संभावना बनी हुई है। फिलहाल पश्चिम बंगाल में बारिश या खराब मौसम को लेकर कोई चेतावनी जारी नहीं की गई है।





