पश्चिम बंगाल

नारायण देबनाथ की जयंती पर CM शुभेंदु अधिकारी ने किया नमन, याद किए बचपन के किरदार

Admindelhi1
25 Nov 2026 1:24 PM IST
नारायण देबनाथ की जयंती पर CM शुभेंदु अधिकारी ने किया नमन, याद किए बचपन के किरदार
x
53 साल तक प्रकाशित हुई 'हांदा-भोंदा', जयंती पर याद किए गए कार्टूनिस्ट नारायण देबनाथ

कोलकाता: बंगाली कॉमिक्स और बाल साहित्य को नई पहचान देने वाले प्रसिद्ध कार्टूनिस्ट एवं पद्मश्री सम्मानित नारायण देबनाथ की जयंती पर पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की। बुधवार सुबह सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए मुख्यमंत्री ने उनके योगदान को याद करते हुए नमन किया।

नारायण देबनाथ का जन्म 25 नवंबर 1925 को हावड़ा के शिवपुर में हुआ था। उन्होंने अपनी कल्पनाशक्ति और शानदार चित्रकारी से ऐसे कार्टून किरदार रचे, जो कई पीढ़ियों के बचपन की पहचान बन गए। उनके लोकप्रिय पात्रों में 'हांदा-भोंदा', 'बांटुल द ग्रेट' और 'नंटे-फंटे' प्रमुख हैं।

उन्होंने वर्ष 1962 में 'हांदा-भोंदा', 1965 में 'बांटुल द ग्रेट' और 1969 में 'नंटे-फंटे' की रचना की थी। उनकी 'हांदा-भोंदा' कॉमिक्स श्रृंखला लगातार 53 वर्षों तक प्रकाशित हुई।

देबनाथ ने वर्ष 1950 में 'शुक्तारा' पत्रिका से स्वतंत्र चित्रकार के रूप में करियर शुरू किया था। चित्रकला और बाल साहित्य में उनके योगदान के लिए उन्हें वर्ष 2007 में राष्ट्रपति विशेष सम्मान, 2013 में साहित्य अकादमी पुरस्कार और बंग विभूषण से सम्मानित किया गया।

वर्ष 2015 में रवींद्र भारती विश्वविद्यालय ने उन्हें मानद डी.लिट. की उपाधि प्रदान की। वर्ष 2021 में उन्हें पद्मश्री से सम्मानित किया गया। 18 जनवरी 2022 को 96 वर्ष की आयु में उनका निधन हो गया था। उनके बनाए किरदार आज भी पाठकों के बीच लोकप्रिय हैं।

Next Story