पश्चिम बंगाल

सीबीआई की टीम फिर से बीरभूम में डाला डेरा

Rani Sahu
9 Sept 2022 1:49 PM IST
सीबीआई की टीम फिर से बीरभूम में डाला डेरा
x
कोलकाता : सीबीआई की टीम फिर से बीरभूम में डेरा डाल चुकी है। इससे अब अंदाजा लगाया जा रहा है कि जल्द ही कुछ बड़ा हो सकता है। इधर, गुरुवार को सीबीआई के अधिकारियों ने दो बैंक अधिकारियों से घंटों पूछताछ की। इसके साथ ही कुछ और बैंकों के अधिकारियों को भी तलब किया गया है। इन्हें आज शुक्रवार को बुलाया गया है। इसके साथ ही अनुव्रत के आवास स्थित मां काली की मूर्ति पर चढ़ाये जाने वाले सोने के आभूषणों पर भी सीबीआई की नजर है। इस संबंध में स्थानीय ज्वेलर्स को बुलाकर पूछताछ की गयी है। इन सबको बोलपुर स्थित सीबीआई के अस्थाई कैंप में बुलाया गया था। सूत्र बताते हैं कि सुबह 10 बजे सीबीआई की टीम के समक्ष ये अधिकारी पेश हुए। इन बैंक अधिकारियों से पूछा गया कि अनुव्रत के करीबी लोगों के बैंक अकाउंटों में किसके रुपये हैं, इनका स्रोत क्या दिखाया गया है ? यानी कि यह कैश में जमा है या फिर कहीं से चेक आया था। सीबीआई की टीम यह पता लगा रही है कि उनसे संबंधित और कौन-कौन रिश्तेदार या उनके समर्थकों के अकाउंट नम्बर उक्त बैंक में हैं। सूत्राें की माने तो सीबीआई को खबर है कि आयकर बचाने के लिए उन्होंने लगभग 100 लोगों के अकाउंट में रुपये रखवाये थे। इस बारे में भी इन अधिकारियों से सीबीआई की टीम ने पूछताछ की है।
विदेशों में भी फंड ट्रांसफर करने के बारे में पूछा गया
इसके अलावा क्या बॉर्डर पार भी ट्रांजेक्शन्स हुए थे, इसका भी पता लगाया जा रहा है। इसके साथ ही लगभग 80 से 90 की संख्या में संपत्तियों को लोन पर खरीदा गया था। क्या यह दिखाने के लिए खरीदा गया था ? इस बारे में भी पूछताछ की गयी। सीबीआई की टीम विभिन्न बैंकों के अधिकारियों को तलब कर रही है। आरोप है कि कुछ अधिकारियों ने इसमें उनकी मदद की थी।
Next Story