पश्चिम बंगाल

जलपाईगुड़ी में बस-ट्रेलर टक्कर, 4 की मौत

Saba Naaz
21 Jun 2026 5:06 PM IST
जलपाईगुड़ी में बस-ट्रेलर टक्कर, 4 की मौत
x

वेस्ट बंगाल: उत्तर बंगाल के जलपाईगुड़ी जिले के मयनागुड़ी क्षेत्र में शनिवार को एक दर्दनाक सड़क हादसा हुआ, जिसमें एक बच्चे सहित 4 लोगों की मौत हो गई और 30 से अधिक यात्री घायल हो गए। यह हादसा राष्ट्रीय राजमार्ग पर उस समय हुआ जब एक तेज रफ्तार सरकारी बस ने सड़क किनारे खड़े ट्रेलर को पीछे से जोरदार टक्कर मार दी।

जानकारी के अनुसार, उत्तर बंगाल राज्य परिवहन निगम (NBSTC) की यह बस सिलीगुड़ी की ओर जा रही थी। उल्लाडाबरी के पास ड्राइवर द्वारा ओवरटेक करने की कोशिश के दौरान यह हादसा हुआ। बस का बायां हिस्सा ट्रेलर से टकरा गया, जिससे वाहन का एक बड़ा हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और यात्रियों में चीख-पुकार मच गई।

हादसे के बाद स्थानीय लोग तुरंत मौके पर पहुंचे और राहत व बचाव कार्य शुरू किया। लोगों ने बस की खिड़कियां तोड़कर घायलों को बाहर निकाला। गंभीर रूप से घायल यात्रियों को मयनागुड़ी ग्रामीण अस्पताल और जलपाईगुड़ी मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया है, जहां कई की हालत नाजुक बनी हुई है।

घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है और प्रारंभिक तौर पर ओवरटेकिंग को हादसे का कारण माना जा रहा है।

राज्य सरकार की ओर से मृतकों के परिजनों के लिए 5-5 लाख रुपये, गंभीर घायलों के लिए 1 लाख रुपये और सामान्य घायलों के लिए 50 हजार रुपये मुआवजे की घोषणा की गई है। प्रशासन ने राहत कार्य के लिए हेल्पलाइन नंबर भी जारी किया है।

इस हादसे ने पूरे क्षेत्र को झकझोर कर रख दिया है और सड़क सुरक्षा को लेकर एक बार फिर सवाल खड़े कर दिए हैं।

Next Story