पश्चिम बंगाल

तृणमूल के दोनों पंचायत पदाधिकारियों ने दिया इस्तीफा

Admindelhi1
25 Sept 2026 10:30 AM IST
तृणमूल के दोनों पंचायत पदाधिकारियों ने दिया इस्तीफा
x
तृणमूल पंचायत के प्रधान-उपप्रधान ने पद छोड़ा

जलपाईगुड़ी: “जय बांग्ला” और “ममता बनर्जी जिंदाबाद” के नारे लगाते हुए पहाड़पुर ग्राम पंचायत की तृणमूल कांग्रेस प्रधान अनिता राउत और उपप्रधान बेणुरंजन सरकार ने गुरुवार को अपने पद से इस्तीफा दे दिया है। दोनों ने भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) पर राजनीतिक दबाव बनाने का आरोप लगाया है।

हालांकि, भाजपा ने इन आरोपों को खारिज करते हुए प्रधान और उपप्रधान पर भ्रष्टाचार के आरोप लगाए हैं। दोनों ने जलपाईगुड़ी सदर बीडीओ कार्यालय पहुंचकर बीडीओ बिप्लव कुमार विश्वास को अपना इस्तीफा सौंपा। इस दौरान तृणमूल के अन्य पंचायत सदस्य भी उनके साथ मौजूद रहे।

प्रधान अनिता राउत के मुताबिक, उनके घर के सामने भ्रष्टाचार और कथित जबरन वसूली के आरोप लगाकर प्रदर्शन भी किया गया था। इस संबंध में थाने में शिकायत भी दर्ज कराई गई थी। इसके बाद पंचायत के पार्टी सदस्यों के साथ चर्चा कर दोनों ने पद छोड़ने का निर्णय लिया। हालांकि, उन्होंने स्पष्ट किया कि वे पंचायत सदस्य के रूप में काम करते रहेंगे।

गौरतलब है कि 2023 के पंचायत चुनाव में पहाड़पुर ग्राम पंचायत की 27 सीटों पर जीत हासिल कर तृणमूल ने बोर्ड का गठन किया था। भाजपा को दो और माकपा को एक सीट मिली थी। भाजपा ने उस समय तृणमूल पर विपक्षी उम्मीदवारों को नामांकन दाखिल करने से रोकने और चुनाव में धांधली के आरोप लगाए थे।

इस्तीफा देने के बाद तृणमूल पंचायत सदस्य विकास बसाक ने कहा कि “राजनीतिक खेल अभी बाकी है, आने वाले दिनों में दीदी फिर आएंगी।”

वहीं, भाजपा के जलपाईगुड़ी जिला उपाध्यक्ष बुबाई कर ने आरोपों को खारिज करते हुए कहा कि भाजपा कब्जे की राजनीति नहीं करती है। उन्होंने दावा किया कि भ्रष्टाचार और जनता के आक्रोश से बचने के लिए प्रधान और उपप्रधान भाजपा पर आरोप लगा रहे हैं।

Next Story