पश्चिम बंगाल

Birbhum: सिद्धू-कान्हू की मूर्ति तोड़ने पर जनजातियों का उग्र प्रदर्शन

Admindelhi1
1 March 2026 9:18 PM IST
Birbhum: सिद्धू-कान्हू की मूर्ति तोड़ने पर जनजातियों का उग्र प्रदर्शन
x

बीरभूम: जिले के नानूर अंतर्गत मोहनपुर में महान क्रांतिकारी सिद्धू-कान्हू की निर्माणाधीन प्रतिमाओं को खंडित किए जाने की घटना से रविवार को भारी तनाव का माहौल बन गया। इस घटना के विरोध में स्थानीय जनजातीय समुदाय के लोगों ने बोलपुर-नानूर मुख्य मार्ग को जाम कर विरोध प्रदर्शन किया।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, मोहनपुर के प्रांतिक बस स्टैंड के समीप स्थानीय जनजातीय समाज की पहल पर सिद्धू और कान्हू की दो प्रतिमाओं का निर्माण कार्य चल रहा था। आरोप है कि शनिवार रात अज्ञात शरारती तत्वों ने इन प्रतिमाओं के कुछ हिस्सों को तोड़ दिया। रविवार सुबह जब समुदाय के लोगों की नजर खंडित मूर्तियों पर पड़ी, तो आक्रोश फैल गया।

घटना के विरोध में बड़ी संख्या में जनजातीय समाज के लोग सड़क पर उतर आए, जिससे बोलपुर-नानूर सड़क मार्ग पूरी तरह बाधित हो गया। प्रदर्शनकारियों का कहना है कि सिद्धू-कान्हू उनके लिए आराध्य देव के समान हैं और उनकी प्रतिमा पर यह प्रहार असहनीय है।

प्रदर्शन का नेतृत्व कर रहे एक स्थानीय जनजातीय नेता मंगल मादली ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि सिद्धू-कान्हू हमारे भगवान हैं। उनकी प्रतिमा का अपमान हम कतई बर्दाश्त नहीं करेंगे।

उन्होंने प्रशासन से आग्रह किया कि इस कृत्य के दोषियों की तत्काल गिरफ्तारी की जाए और उचित न्याय सुनिश्चित किया जाए।

मंगल मादली ने कहा कि जब तक मूर्ति तोड़ने वाले अपराधी पकड़े नहीं जाते, पथावरोध जारी रहेगा, हालांकि आवश्यक वाहन और परीक्षार्थियों को आवागमन की अनुमति दी जा रही है।

घटना की सूचना पाकर नानूर थाने की पुलिस मौके पर पहुंची और प्रदर्शनकारियों को समझाने का प्रयास किया। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

Next Story