पश्चिम बंगाल

बंगाल की पुरानी हवेलियां बनेंगी टूरिस्ट हब, सरकार की बड़ी तैयारी

Admindelhi1
21 Nov 2026 3:36 PM IST
बंगाल की पुरानी हवेलियां बनेंगी टूरिस्ट हब, सरकार की बड़ी तैयारी
x
राजबाड़ियों से चाय बागानों तक, बंगाल में पर्यटन की नई योजना

कोलकाता: पश्चिम बंगाल की ऐतिहासिक हवेलियों, राजबाड़ियों, पुराने चाय बागानों और जूट मिलों को पर्यटन के नए आकर्षण के रूप में विकसित करने की तैयारी शुरू हो गई है। विश्व धरोहर सप्ताह 2026 के अवसर पर शुक्रवार को सॉल्टलेक के सिटी सेंटर में आयोजित 'वेस्ट बंगाल हेरिटेज कॉन्क्लेव' में राज्य की विरासत को संरक्षित करने और पर्यटन को बढ़ावा देने पर चर्चा हुई।

पर्यटन मंत्री डॉ. शंकर घोष ने कहा कि सरकार ऐतिहासिक संपत्तियों को पर्यटन केंद्रों में बदलने के लिए संपत्ति मालिकों और निवेशकों के बीच समन्वय स्थापित करेगी। उन्होंने बताया कि भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण (ASI) ने राज्य में 135 ऐतिहासिक स्थलों को चिह्नित किया है, जिन्हें पर्यटन के मानचित्र पर विशेष पहचान दिलाने की पहल की जा रही है।

पर्यटन राज्य मंत्री पूर्णिमा चक्रवर्ती ने कहा कि बांकुड़ा से मुर्शिदाबाद तक ऐतिहासिक राजबाड़ियों और क्षतिग्रस्त धरोहरों के संरक्षण पर विशेष ध्यान दिया जाएगा। वहीं, फ्रांसीसी दूतावास के सहयोग से धान्यकुड़िया, चंदननगर और विष्णुपुर की स्थापत्य कला के संरक्षण की पहल भी की गई है।

पर्यटन विभाग के अनुसार, पश्चिम बंगाल में हर साल करीब 30 से 33 करोड़ पर्यटक आते हैं। राज्य में चंदननगर के फ्रेंच रजिस्ट्री भवन, श्रीरामपुर के डेनिश टैवर्न, पुरानी जूट मिलों और क्षतिग्रस्त चाय बागानों के पुनर्विकास की योजनाओं पर काम किया जा रहा है।

कॉन्क्लेव में ऐतिहासिक इमारतों के संरक्षण के साथ टिकाऊ पर्यटन और हेरिटेज हॉस्पिटैलिटी को बढ़ावा देने पर भी जोर दिया गया।

Next Story