- Home
- /
- राज्य
- /
- पश्चिम बंगाल
- /
- Bengal: सौर घोटाले में...

पश्चिम बंगाल में करोड़ों रुपए की सौर ऊर्जा परियोजना में कथित अनियमितताओं के मामले में आरामबाग नगर पालिका के पूर्व अध्यक्ष को केरल से गिरफ्तार किया गया है. एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने रविवार को यह जानकारी दी.
अधिकारी ने बताया कि आरामबाग नगर पालिका के पूर्व अध्यक्ष स्वपन नंदी फरार थे. गिरफ्तारी से बचने और अपनी पहचान छिपाने के लिए उन्होंने अपनी मूंछ तक मुंडवा ली थी.’ग्रीन सिटी प्रोजेक्ट’ घोटाले की जांच जैसे ही तेज हुई, वह फरार हो गये. अधिकारी ने बताया कि नंदी ने पुलिस की नजरों से बचने के लिए अपना हुलिया बदल लिया था, जिसमें मूंछ मुंडवाना भी शामिल है. इसके बावजूद पुलिस के अधिकारियों ने उन्हें केरल में ढूंढ़ निकाला और गिरफ्तार कर लिया.
पुलिस ने कहा है कि वह कोर्ट से आग्रह करेगी कि नंदी को पुलिस हिरासत में भेज दिया जाये, ताकि इस मामले में पहले से गिरफ्तार अन्य आरोपियों के साथ उनका आमना-सामना कराया जा सके. इससे निर्णय लेने की प्रक्रिया और वित्तीय लेन-देन की पूरी शृंखला का पता लगाया जा सकेगा. इस मामले में 3 अन्य आरोपियों – नगरपालिका के एक अस्थायी इंजीनियर, एक अस्थायी विद्युत पर्यवेक्षक (इलेक्ट्रिकल सुपरवाइजर) और एक ठेकेदार को पहले ही गिरफ्तार किया जा चुका है.
सौर ऊर्जा परियोजना घोटाले में गिरफ़्तारी, नगर पालिका के पूर्व अध्यक्ष चढ़ा पुलिस के हत्थे





