- Home
- /
- राज्य
- /
- पश्चिम बंगाल
- /
- बंगाल कैश बरामदगी...
पश्चिम बंगाल
बंगाल कैश बरामदगी मामला: ममता बनर्जी के करीबी और फरार चल रहे विधायक के घर पहुंची सीआईडी
jantaserishta.com
19 Nov 2026 2:03 PM IST

x
कोलकाता: पश्चिम बंगाल की आपराधिक जांच विभाग (सीआईडी) टीम ने एआईटीएमसी कार्यालय से करीब एक करोड़ रुपए बरामद होने के मामले में फरार चल रहे पार्टी विधायक शमीम अहमद की तलाश तेज कर दी है। सीआईडी टीम ने बुधवार और गुरुवार की दरमियानी रात एआईटीएमसी विधायक के आवास पर छापा मारा, लेकिन बैरंग लौटना पड़ा।
बताया गया कि जब डायमंड हार्बर पुलिस जिले की टीम के साथ सीआईडी अधिकारी दक्षिण 24 परगना जिले के हिंगचेबेरिया इलाके में शमीम अहमद के आवास पर पहुंचे, तो वे वहां मौजूद नहीं थे। पता चला है कि विधायक के घर पर न मिलने के बाद सीआईडी टीम और डायमंड हार्बर पुलिस जिले के अधिकारी लौट गए। स्थानीय लोगों के अनुसार, फरार विधायक काफी समय से हिंगचेबेरिया स्थित अपने आवास पर नहीं रह रहे हैं।
गुरुवार सुबह उनके परिवार के सदस्यों ने मीडिया को एक वीडियो क्लिप दी, जिसमें सीआईडी के अधिकारी फरार विधायक के घर का दरवाजा खटखटाते और अंदर मौजूद लोगों से दरवाजा खोलने के लिए कहते हुए दिखाई दिए। हालांकि, इस वीडियो क्लिप की सत्यता की अभी पुष्टि नहीं हुई है।
यह कार्रवाई जिले के सरिशा में पार्टी कार्यालय से हाल ही में लगभग 1.03 करोड़ रुपए नकद बरामद होने के मामले की जांच के सिलसिले में की गई। इसके अलावा, शमीम अहमद के खिलाफ कई अन्य मामले भी दर्ज हैं। अहमद उन चुनिंदा विधायकों में से हैं, जो पश्चिम बंगाल की पूर्व मुख्यमंत्री ममता बनर्जी और उनके भतीजे अभिषेक बनर्जी के प्रति वफादार माने जाते हैं।
उन पर लगे मुख्य आरोपों में बंदूक की नोक पर दूसरों की जमीन हड़पना और अपने इलाके में बड़े पैमाने पर जबरन वसूली करना शामिल है। पिछले हफ्ते, अहमद ने कलकत्ता उच्च न्यायालय में एक याचिका दायर कर सरिशा स्थित पार्टी कार्यालय से हाल ही में बरामद नगदी के मामले की सीबीआई से जांच कराने की मांग की थी। अपनी याचिका में, मगराहाट (पश्चिम) के विधायक ने आशंका जताई कि पुलिस जल्द ही उन्हें गिरफ्तार कर सकती है। उन्होंने कैनिंग (पश्चिम) के टीएमसी विधायक परेश राम दास का उदाहरण दिया, जिन्हें इस महीने की शुरुआत में उनके खिलाफ दर्ज एक पुराने बलात्कार के मामले में गिरफ्तार किया गया था।
विधायक ने अपनी याचिका में यह भी आरोप लगाया कि 1 नवंबर को डायमंड हार्बर थाने के अधिकारी ने उनसे संपर्क किया और बताया कि डायमंड हार्बर पुलिस जिले के पुलिस अधीक्षक (एसपी) उनसे मिलना चाहते हैं। अहमद ने दावा किया, "अगले दिन, मैं डायमंड हार्बर पुलिस जिले के पुलिस अधीक्षक से मिला। वहां मुझसे अभिषेक बनर्जी और उनके गिरफ्तार सहयोगी सुमित रॉय के खिलाफ बयान देने के लिए कहा गया। मैंने ऐसा करने से इनकार कर दिया।" फिलहाल, एआईटीएमसी विधायक फरार चल रहे हैं और पुलिस टीमें उनकी तलाश में जुटी हैं।
jantaserishta.com
भारत के भले ही किसी कोने में आप रह रहे हों, जनता से रिश्ता वेबसाइट पर आपके राज्य की हर छोटी-बड़ी खबर मिलेगी। राजनीति, खेल, चुनाव, बिजनेस, सिनेमा, इस प्लैटफॉर्म पर बस एक क्लिक करते ही हमेशा पाएं ताजा खबरें। उत्तर प्रदेश, बिहार, मध्य प्रदेश, राजस्थान, महाराष्ट्र, गुजरात, छत्तीसगढ़, झारखंड, हिमाचल प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, जम्मू-कश्मीर, उत्तराखंड, पश्चिम बंगाल समेत देश के बाकी राज्यों और शहरों की कोई जानकारी हो, हम आपको देते हैं। सियासी रण हो या बजट का मौसम, कहां चल रहा क्या सियासी दांव-पेच, आपके गांव में किसकी सरकार, हर अपडेट यहां आपको मिलेंगे। तो फिर अपने राज्य की हर हलचल के लिए जुड़े रहिए जनता से रिश्ता के साथ।
Next Story





